Breaking News

मनराजपुर में बदमाशों का कहर: पिटाई के बाद घायल परिवार से आभूषण लूटे, गांव में फैली दहशत।

मनराजपुर में बदमाशों का कहर: पिटाई के बाद घायल परिवार से आभूषण लूटे, गांव में फैली दहशत।

सैयदराजा (चंदौली)। थाना क्षेत्र के मनराजपुर गांव में शुक्रवार की रात हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। बताया जा रहा है कि देर रात कुछ अज्ञात बदमाश बांस की सीढ़ी के सहारे एक घर में घुस गए और परिजनों को बुरी तरह पीटने के बाद घर में रखे आभूषण और नगदी लूटकर फरार हो गए।

घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। सूचना मिलते ही सैयदराजा थाना प्रभारी विन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित परिवार के अनुसार, शुक्रवार रात कुछ लोग बांस की सीढ़ी लगाकर घर की छत से अंदर घुसे। आवाज सुनकर जब परिजन जागे, तो बदमाशों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान महिला के कान और गले के सोने के आभूषण छीन लिए गए। घटना के बाद आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पूर्व से विवाद चल रहा था और पहले भी मारपीट का मामला दर्ज हो चुका है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ितों ने आरोपितों की पहचान कर ली है, और उन्हीं लोगों पर शक जताया गया है जिन्होंने पूर्व में विवाद किया था। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर चोरी, मारपीट और जान से मारने की नीयत से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

घटना के बाद मनराजपुर गांव में तनाव का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ शीघ्र सख्त कार्रवाई करने तथा गांव में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि ऐसी घटनाओं पर तत्काल अंकुश नहीं लगाया गया तो गांव में भय का माहौल और गहराता जाएगा।

Spread the love

Check Also

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष।

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष। उझानी …

error: Content is protected !!