Breaking News

डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर विचार गोष्ठी आयोजित, राष्ट्र निर्माण में योगदान को किया याद।

डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर विचार गोष्ठी आयोजित, राष्ट्र निर्माण में योगदान को किया याद।

संवाददाता, गुलाम नबी कुरैशी

बलरामपुर। भारत रत्न, महान वैज्ञानिक एवं देश के 11वें राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती के अवसर पर 15 अक्टूबर 2026 की रात डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम ड्रीम फाउंडेशन की ओर से अल-रहमान हॉस्पिटल के सभागार में विचार गोष्ठी एवं विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आदर्श नगर पालिका परिषद, बलरामपुर के अध्यक्ष प्रतिनिधि डी.पी. सिंह बैस मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान वक्ताओं ने डॉ. कलाम के जीवन, व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को याद करते हुए युवाओं से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर अल-रहमान हॉस्पिटल के निदेशक एवं वरिष्ठ ईएनटी सर्जन डॉ. अब्दुल कय्यूम, सिटी मॉन्टेसरी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य काशी प्रसाद यादव तथा वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. जुबेर अहमद विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

फाउंडेशन के सचिव समीर अहमद सिद्दीकी ने डॉ. कलाम के जीवन और उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विज्ञान, शिक्षा और राष्ट्रसेवा के क्षेत्र में अपने योगदान से देश को नई दिशा प्रदान की। डॉ. कलाम का जीवन यह संदेश देता है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, कठिन परिश्रम और सकारात्मक सोच के बल पर बड़े से बड़े लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

संस्था के व्यवस्थापक मेहताब जमाल ने देश के विकास में डॉ. कलाम के अतुलनीय योगदान को याद किया। वहीं, संस्था के सलाहकार मोहम्मद सलमान ने बताया कि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम ड्रीम फाउंडेशन वर्ष 2018 से पूरे उत्तर प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य और युवा जागरूकता के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि डॉ. कलाम की जयंती के अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इसी क्रम में संस्था की अध्यक्ष सरीना बेगम के नेतृत्व में रायबरेली तथा उपाध्यक्ष बुशरा सिद्दीकी के नेतृत्व में उन्नाव जनपद में भी जयंती कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से डॉ. कलाम के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों और प्रतिभागियों ने डॉ. कलाम के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा शिक्षा, ईमानदारी, समर्पण और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर गणमान्य नागरिकों, चिकित्सकों, शिक्षकों और युवाओं की सहभागिता रही।

 

 

Spread the love

Check Also

लेखपाल पर रिश्वतखोरी के आरोप, भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी का प्रदर्शन।

एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग, मांगें पूरी न होने पर …