Breaking News

बूथ से गायब मिले बीएलओ, डीएम ने फोन पर लगाई फटकार।

बिथरी के सरस्वती शिशु मंदिर में औचक निरीक्षण के दौरान मिली लापरवाही, मतदाता पंजीकरण अभियान में तेजी लाने के निर्देश।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम

बरेली। मतदाता पंजीकरण अभियान में लापरवाही मिलने पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को बिथरी विधानसभा क्षेत्र स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में औचक निरीक्षण के दौरान बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) मौके पर मौजूद नहीं मिले। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित बीएलओ को फोन कर फटकार लगाई और निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार जिम्मेदारी निभाने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने के अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में 17 से 24 अक्टूबर तक विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत निर्धारित स्कूलों और मतदान केंद्रों पर शिविर लगाकर नए मतदाताओं का पंजीकरण किया जा रहा है। साथ ही मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन के लिए भी आवेदन लिए जा रहे हैं।

अभियान की जमीनी स्थिति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी अचानक सरस्वती शिशु मंदिर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान बीएलओ की अनुपस्थिति सामने आने पर उन्होंने नाराजगी जताई और फोन पर ही संबंधित कर्मचारी से जवाब तलब किया।

कागजों तक सीमित न रहे अभियान

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखा जाए। बीएलओ अपने निर्धारित बूथ पर मौजूद रहकर मतदाताओं की सहायता करें और पात्र नागरिकों के पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कराएं। उन्होंने क्षेत्र में लोगों से संपर्क बढ़ाने और मतदाता बनने की पात्रता रखने वाले युवाओं को जागरूक करने पर भी जोर दिया।

24 अक्टूबर तक चलेंगे शिविर

विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान के तहत 24 अक्टूबर तक निर्धारित केंद्रों पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और नियमानुसार संशोधन के लिए आवेदन कर सकते हैं। जिलाधिकारी के औचक निरीक्षण और संबंधित बीएलओ को फोन पर फटकार लगाने की कार्रवाई से निर्वाचन कार्यों में लापरवाही को लेकर प्रशासन की सख्ती सामने आई है।

बाइट: अविनाश सिंह, जिलाधिकारी बरेली

Spread the love

Check Also

चार दिन से लापता युवक का तालाब में मिला शव, परिवार में मचा कोहराम।

बहेड़ी बाईपास पर डीलक्स शमा के पीछे तालाब में मिला 21 वर्षीय सुहेल का शव, …