Breaking News

दिवंगत पत्रकार राकेश यादव के परिवार के लिए संबल बने अधिवक्ता, ₹51 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान।

दिवंगत पत्रकार राकेश यादव के परिवार के लिए संबल बने अधिवक्ता, ₹51 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान।

संवाददाता, शैलेश सिंह

चन्दौली। सदर कचहरी के अधिवक्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार को दिवंगत पत्रकार राकेश यादव के आवास पर पहुँचा और शोकाकुल परिवार से मुलाकात की। इस दौरान अधिवक्ताओं ने दुख की इस घड़ी में परिवार को ढांढस बंधाया तथा ₹51,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की। अधिवक्ताओं ने यह भी आश्वासन दिया कि स्वर्गीय राकेश यादव की पुत्रियों के विवाह में अधिवक्ता समाज परिवार की तरह सहयोग करेगा।

बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री जन्मेजय सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि चंदौली ने एक निष्पक्ष, निर्भीक और ईमानदार पत्रकार को खो दिया है। उन्होंने कहा कि राकेश यादव ने अपने पत्रकारिता जीवन में सदैव निष्पक्षता को प्राथमिकता दी और कभी भी भेदभाव की राजनीति में शामिल नहीं हुए।

जन्मेजय सिंह ने सत्तापक्ष और विपक्ष के नेताओं से अपील की कि वे पत्रकार परिवार के साथ किसी प्रकार का भेदभाव न करें। उन्होंने कहा कि यदि समाज सच्चे प्रहरी को सम्मान नहीं देगा तो जनता का विश्वास भी नेताओं से उठ जाएगा।

उन्होंने मीडिया संस्थानों को भी चेताया कि पत्रकार मीडिया हाउस की साख के लिए दिन-रात कार्य करते हैं, परंतु जब कोई पत्रकार संकट में होता है तो संस्थान चुप्पी साध लेते हैं। उन्होंने इसे अमानवीय बताया और कहा कि ऐसे मीडिया संस्थानों के खिलाफ भी ठोस कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने यह भी संकल्प लिया कि अब जनपद का कोई भी पत्रकार अकेला नहीं रहेगा। अधिवक्ता समाज हर पत्रकार के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। उनके अनुसार, “मीडिया हाउस के लिए पत्रकार भले ही एक कर्मचारी हो, लेकिन अधिवक्ता समाज के लिए वह परिवार का सदस्य है, क्योंकि पत्रकार और अधिवक्ता दोनों ही कलम से न्याय की लड़ाई लड़ते हैं।”

इस अवसर पर जिला शासकीय अधिवक्ता शशि शंकर सिंह, पूर्व अध्यक्ष अनिल सिंह, महामंत्री राघवेंद्र प्रताप सिंह, पंकज सिंह, नवीन सिंह, राकेश रतन तिवारी, हिटलर सिंह, इमरान, मणि शंकर राय, सुजीत सिंह एवं जन्मेजय सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!