Breaking News

कैकेई कोप भवन और राम वन गमन का मंचन देख भावुक हुए दर्शक।

कैकेई कोप भवन और राम वन गमन का मंचन देख भावुक हुए दर्शक।

घूरेलाल कन्नौजिया, ब्यूरो चीफ 

सैयदराजा (चंदौली)। शिवानगर रामलीला मैदान में शनिवार की रात कैकेई कोप भवन और राम वनवास प्रसंग का भावनात्मक मंचन किया गया। मंचन के दौरान भगवान राम के वन गमन का दृश्य देख श्रद्धालु दर्शक भावविभोर हो उठे।

इस लीला का निर्देशन शिवानंद शुक्ला मेजा (प्रयागराज) द्वारा किया गया। मंचन का शुभारंभ श्री रामलीला समिति शिवानगर के प्रचार प्रमुख संतोष जायसवाल और अंकित जायसवाल लोटन बाबा ने संयुक्त रूप से आरती कर किया। मंचन देखने के लिए देर रात तक लोगों की भारी भीड़ मैदान में जुटी रही।

लीला के अनुसार, चक्रवर्ती सम्राट राजा दशरथ ने अपने चारों पुत्रों के विवाह के बाद गुरु वशिष्ठ और मंत्रियों से विचार-विमर्श कर राम के राज्याभिषेक की घोषणा की। यह सुनकर पूरे अयोध्या में उत्सव का माहौल बन गया। लेकिन जब मंथरा ने यह बात सुनी, तो वह क्रोधित होकर कैकेई के पास पहुंची और उसके मन में विष भर दिया।

पहले तो कैकेई मंथरा की बात नहीं मानती, लेकिन बाद में योगमाया के प्रभाव से उसकी बुद्धि भ्रमित हो जाती है, और वह कोप भवन में जाकर बैठ जाती है। जैसे ही राजा दशरथ को इस बात की सूचना मिलती है, वे कैकेई के पास पहुंचते हैं और उसे मनाने की बहुत कोशिश करते हैं, पर कैकेई अपने वरदान मांग लेती है —

पहला वरदान भरत को राजतिलक और दूसरा राम को चौदह वर्ष का वनवास।

राजा दशरथ “रघुकुल रीत सदा चली आई, प्राण जाए पर वचन न जाए” कहकर व्यथित हो जाते हैं और भूमि पर गिर पड़ते हैं। इसके बाद सुमंत के माध्यम से राम को बुलाया जाता है। जब श्रीराम को यह सब ज्ञात होता है, तो वे सहर्ष वन गमन के लिए तैयार हो जाते हैं।

राम का त्याग और पिता-पुत्र का मिलन देखकर दर्शकों की आंखें नम हो गईं। लीला के अंत में माता कौशल्या ने सीता को अचल सुहाग का आशीर्वाद दिया और मंचन का समापन हुआ।

इस अवसर पर रविंद्र जायसवाल, कामाख्या प्रसाद, शशांक पाण्डेय, राहुल जायसवाल, अश्विनी मौर्य, पन्नालाल केशरी, सुशील शर्मा, वीरेंद्र सिंह भोले, राकेश शर्मा, परमेश्वर मोदनवाल, मोहन मद्धेशिया, प्रमोद विश्वकर्मा, मुन्ना जायसवाल, सूरज जायसवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!