Breaking News

शाहजहाँपुर में किसान दिवस आयोजित, केसीसी ऋण सीमा बढ़ने से किसानों को बड़ी राहत।

शाहजहाँपुर में किसान दिवस आयोजित, केसीसी ऋण सीमा बढ़ने से किसानों को बड़ी राहत।

मुबारक अली, संवाददाता 

शाहजहाँपुर। कलेक्ट्रेट के बिस्मिल सभागार में गुरुवार को आयोजित किसान दिवस में जिले भर से पहुंचे किसानों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी हासिल की। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने की, जिसमें अधिकारियों ने किसानों के सवालों का समाधान करने के साथ नई सुविधाओं से भी अवगत कराया।

बैठक की शुरुआत जिला कृषि अधिकारी विकास किशोर द्वारा पिछली बैठक में उठाए गए मुद्दों के निस्तारण की जानकारी से हुई। इसके बाद करीब 20 किसानों ने फसल, सिंचाई, खाद-बीज और बैंकिंग से जुड़ी समस्याएं रखीं, जिन पर संबंधित विभागों ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया।

इस दौरान जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक राधे रमन तिवारी ने जानकारी दी कि बजट 2025-26 में किसान क्रेडिट कार्ड की ऋण सीमा 3 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दी गई है। उन्होंने बताया कि इस पर 7 प्रतिशत ब्याज दर लागू है, लेकिन समय पर भुगतान करने पर 3 प्रतिशत की छूट मिलती है, जिससे प्रभावी ब्याज दर 4 प्रतिशत रह जाती है। साथ ही दुर्घटना बीमा की सुविधा भी दी जा रही है।

जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने किसानों से फार्मर रजिस्ट्री कराने की अपील करते हुए कहा कि इससे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा और खाद-बीज सब्सिडी का लाभ सीधे खाते में मिलता है और बैंक से ऋण लेने की प्रक्रिया भी आसान हो जाती है। उन्होंने चकबंदी वाले गांवों के किसानों को राहत देते हुए बताया कि वे अब गेहूं क्रय केंद्रों पर इंतखाब दिखाकर अपनी उपज बेच सकते हैं।

बैठक में वृक्ष कटान से जुड़े नियमों की भी जानकारी दी गई और बताया गया कि इसके लिए ऑनलाइन माध्यम से अनुमति ली जा सकती है। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. महेन्द्र कुमार ने किसानों को गेहूं और सरसों की कटाई के बाद ढैंचा जैसी हरी खाद वाली फसल बोने की सलाह दी, जिससे भूमि की उर्वरता बढ़ेगी और आगामी फसल बेहतर होगी।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि अगली किसान दिवस बैठक को कार्यशाला के रूप में आयोजित किया जाए, ताकि मौके पर ही किसानों की समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह, उप निदेशक कृषि पी.के. मिश्र, जिला उद्यान अधिकारी पुनीत कुमार पाठक, मंडी सचिव रिंकू लाल, कृषि रक्षा अधिकारी संजय कुमार सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। अंत में उप निदेशक कृषि ने सभी का आभार व्यक्त किया।

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!