Breaking News

बिसौली: कावड़ यात्रा की सुरक्षा को लेकर पीस कमेटी की बैठक, अधिकारियों ने दिए निर्देश।

बिसौली: कावड़ यात्रा की सुरक्षा को लेकर पीस कमेटी की बैठक, अधिकारियों ने दिए निर्देश।

आई एम खान 

बिसौली (बदायूं)। आगामी कावड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से स्थानीय कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं और कावड़ समिति के सदस्यों ने भाग लिया।

शुक्रवार को आयोजित इस बैठक को संबोधित करते हुए एसपी देहात डॉ. हृदेश कठेरिया ने कहा कि सावन यात्रा श्रद्धा और आस्था का महापर्व है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि कावड़ यात्रा के दौरान आपसी भाईचारा और सौहार्द कायम रखें। एसपी ने यात्रा के दौरान भड़काऊ गीतों के प्रसारण पर सख्त रोक लगाने और मांस-मछली की दुकानों को बंद रखने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और पूरे आयोजन की निगरानी कंट्रोल रूम के माध्यम से की जाएगी।

एसपी देहात ने सभी से प्रशासन का सहयोग करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस दौरान सीओ ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस इंस्पेक्टर कमलेश मिश्रा ने कहा कि पुलिस प्रशासन कावड़ यात्रा को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

नगर पालिका अध्यक्ष अबरार अहमद ने विश्वास दिलाया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी कावड़ यात्रा मार्गों पर साफ-सफाई और पथ प्रकाश (लाइटिंग) की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में नगर पालिका लिपिक राजीव कुमार, पूर्व सभासद विनीत शर्मा, वेद प्रकाश, प्रधान शफी खान, प्रधान मुस्तरफ खान सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!