Breaking News

शाहजहाँपुर: शल्य चिकित्सा के जनक आचार्य सुश्रुत की जयंती पर गोष्ठी आयोजित, आयुर्वेद की गौरवशाली विरासत पर चर्चा।

शाहजहाँपुर: शल्य चिकित्सा के जनक आचार्य सुश्रुत की जयंती पर गोष्ठी आयोजित, आयुर्वेद की गौरवशाली विरासत पर चर्चा।

संवाददाता, मुबारक अली 

शाहजहाँपुर: अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन एवं राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय के संयुक्त तत्वावधान में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के कार्यालय में आचार्य सुश्रुत की जयंती पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने आयुर्वेद के महान चिकित्सक एवं शल्य चिकित्सा के जनक आचार्य सुश्रुत के जीवन दर्शन और चिकित्सा विज्ञान में उनके अद्वितीय योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।

गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए आयुर्वेद महासम्मेलन के जिलाध्यक्ष डॉ. विजय जोहरी ने कहा कि आचार्य सुश्रुत जयंती मनाने का मुख्य उद्देश्य भारतीय चिकित्सा पद्धति की समृद्ध वैज्ञानिक परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि सुश्रुत के आदर्श चिकित्सा जगत के लिए आज भी प्रेरणा का स्रोत हैं, जो हमें आयुर्वेद के गौरवशाली अतीत से परिचित कराते हैं।

मुख्य अतिथि डॉ. मुकेश कुमार ने ‘सुश्रुत संहिता’ की महत्ता पर चर्चा करते हुए बताया कि आचार्य सुश्रुत ने हजारों साल पहले शल्य चिकित्सा को वैज्ञानिक आधार प्रदान किया था। उन्होंने कहा कि उनके ग्रंथ में लगभग 300 प्रकार की शल्य क्रियाओं और 120 से अधिक उपकरणों का वर्णन है, जिसमें राइनोप्लास्टी (नाक का पुनर्निर्माण) और मोतियाबिंद जैसी जटिल सर्जरी शामिल हैं, जो उस युग की अभूतपूर्व उपलब्धियाँ थीं।

डॉ. राजेंद्र कुशवाहा ने आचार्य सुश्रुत को उत्कृष्ट शिक्षक और शोधकर्ता बताते हुए कहा कि उन्होंने चिकित्सा शिक्षा में व्यावहारिक प्रशिक्षण, स्वच्छता और रोगी के प्रति मानवीय व्यवहार को सर्वोपरि रखा। वहीं, डॉ. आचल गुप्ता ने कहा कि आयुर्वेद केवल एक उपचार पद्धति नहीं, बल्कि एक संतुलित जीवनशैली है, जिसे अपनाकर समाज को स्वस्थ और निरोग बनाया जा सकता है।

गोष्ठी में उपस्थित सभी चिकित्सकों और आयुर्वेद प्रेमियों ने आचार्य सुश्रुत के दिखाए मार्ग पर चलकर आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार और उसे जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का आभार डॉ. आचल गुप्ता ने व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. विजय जोहरी, डॉ. मुकेश कुमार, डॉ. राजेंद्र कुशवाहा, डॉ. आचल गुप्ता, बीपीएम फज़लू, गजेन्द्र सिंह, अमनदीप सक्सेना और दुर्गेश गुप्ता सहित अनेक चिकित्सक व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!