Breaking News

बरेली में बिजली संकट से व्यापार ठप, व्यापारियों ने दी आंदोलन की चेतावनी।

बरेली में बिजली संकट से व्यापार ठप, व्यापारियों ने दी आंदोलन की चेतावनी।

मोहम्मद वसीम, संवाददाता 

बरेली। भीषण गर्मी के साथ शहर में बिजली संकट गहराता जा रहा है, जिसका सीधा असर अब व्यापारिक गतिविधियों पर भी दिखाई देने लगा है। अघोषित कटौती और बार-बार ट्रिपिंग से जहां आमजन परेशान हैं, वहीं कारोबारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

इस मुद्दे को लेकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने बिजली व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए इसे प्रबंधन की विफलता बताया है। जिला अध्यक्ष देवेंद्र जोशी और महानगर अध्यक्ष शोभित सक्सेना ने कहा कि 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति का दावा जमीनी स्तर पर पूरी तरह फेल साबित हो रहा है।

व्यापारियों का आरोप है कि शहर में न तो बिजली कटौती का कोई निश्चित समय है और न ही खराबी दूर करने की तय समयसीमा। दिनभर में कई बार बिजली गुल होने से छोटे और मध्यम व्यवसाय सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। गर्मी के कारण पहले ही ग्राहकों की संख्या कम रहती है, ऐसे में बिजली बाधित होने से दुकानों का संचालन और मुश्किल हो जाता है।

संगठन ने यह भी बताया कि सर्दियों में सुधार कार्य के नाम पर की गई कटौती के बावजूद हालात में कोई खास सुधार नहीं हुआ है। कई क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने के कारण बार-बार फाल्ट हो रहे हैं, जबकि स्मार्ट मीटर की समस्याएं और गलत बिलिंग उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा रही हैं।

शिकायत निस्तारण प्रणाली पर सवाल उठाते हुए व्यापारियों ने कहा कि शिकायत दर्ज कराने के बाद भी समाधान में 24 से 48 घंटे का समय लग जाता है, जिससे व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित होती हैं।

व्यापार मंडल ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो व्यापारी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे। इस दौरान अमरजीत सिंह बख्शी, पोपेंद्र सिंह बख्शी, सुरेंद्र त्यागी और जतिन अरोरा सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।

शहर में बढ़ता बिजली संकट अब आम समस्या से आगे बढ़कर आर्थिक चिंता का विषय बन गया है। ऐसे में अब सभी की नजरें बिजली विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: पटियाली में पीडीए पंचायत, सपा ने 2027 में सत्ता का किया दावा।

कासगंज: पटियाली में पीडीए पंचायत, सपा ने 2027 में सत्ता का किया दावा। संवाददाता, वसीम …