Breaking News

गुमशुदा आकिल की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, कंकाल गन्ने के खेत में मिला।

गुमशुदा आकिल की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, कंकाल गन्ने के खेत में मिला।

सहसवान, बदायूँ। थाना सहसवान क्षेत्र के ग्राम भीकमपुर टप्पा जामनी में एक माह पूर्व लापता हुए युवक आकिल की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस ने हत्या के मामले में गांव के ही दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनकी निशानदेही पर मृतक आकिल का कंकाल, कपड़े, जूते और गमछा ग्राम धुबिया के गन्ने के खेत से बरामद किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों ने हत्या की वारदात को स्वीकार करते हुए इसका कारण आपसी लेन-देन बताया है।

बताया गया कि आकिल एक माह पूर्व अपनी पत्नी से दिल्ली जाने की बात कहकर घर से निकला था। वह दिल्ली में ड्राइवरी करता था और कभी-कभी ही गांव आता था। जब कई दिन बीतने के बावजूद उसकी कोई खबर नहीं मिली तो उसके भाई आदिल ने 15 सितम्बर को थाना सहसवान में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इस मामले में जांच के दौरान आदिल ने गांव के ही इश्तकार पुत्र मुख्तयार और शावेश पुत्र शाहिद पर शक जताते हुए बताया कि उसका भाई आखिरी बार इन्हीं दोनों के साथ मोटरसाइकिल पर जाते हुए देखा गया था। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने 24 सितम्बर को मुकदमे में धारा 140(1) बीएनएस के अंतर्गत तरमीम की और मामले की जांच तेज कर दी।

इसी बीच 25 सितम्बर को ग्राम धुबिया के गन्ने के खेत में एक कंकाल और कुछ कपड़े, जूते व गमछा मिलने की सूचना से सनसनी फैल गई। परिजनों ने कपड़ों और अन्य वस्तुओं के आधार पर शव की पहचान आकिल के रूप में की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और उसी दिन हत्या की आशंका को देखते हुए मुकदमे में धारा 103(1) व 238 बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 26 सितम्बर को सुबह करीब 10:20 बजे चौकी नंबर 4 के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की साजिश कबूल कर ली। उन्होंने बताया कि कुछ समय पूर्व इश्तकार ने आकिल से 45 हजार रुपये उधार लिए थे। आकिल बार-बार रुपये मांगता था और लोगों के सामने भी तगादा करता था जिससे इश्तकार को शर्मिंदगी झेलनी पड़ती थी। इसी वजह से उसने शावेश के साथ मिलकर आकिल को रास्ते से हटाने की साजिश रची। 11 अगस्त को दोनों उसे मोटरसाइकिल से घुमाने के बहाने मोहम्मदगंज ले गए। वहां से लौटते समय सुनसान रास्ते पर गन्ने के खेत के पास आकिल को धक्का देकर नीचे गिरा दिया और मुंह, नाक और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को खेत में फेंककर दोनों वहां से फरार हो गए। हत्या के बाद शावेश जयपुर और इश्तकार दिल्ली चला गया था।

थाना सहसवान की पुलिस टीम — प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक संजीव कुमार, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र गौतम और कांस्टेबल सुमित कुमार ने इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, दोनों के विरुद्ध थाना सहसवान में मुकदमा अपराध संख्या 401/25 अंतर्गत धारा 140(1), 103(1), 238 बीएनएस दर्ज है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत यह बड़ी सफलता मानी जा रही है।

फाइल फोटो

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!