Breaking News

निजी जमीन पर निर्माण रोकने से भड़के पूर्व सभासद, मोबाइल टावर पर चढ़कर किया हंगामा

बिसौली में अफरा-तफरी का माहौल, प्रशासन और पुलिस घंटों तक समझाते रहे, पूर्व सभासद बोले – न्याय मिलने तक नहीं उतरेंगे।

बिसौली (बदायूं)। कस्बे में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब पूर्व सभासद विजय बाबू निजी जमीन पर चारदीवारी निर्माण रोकने से आक्रोशित होकर मोबाइल टावर पर चढ़ गए। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस विभाग के अफसर मौके पर पहुंचे। अफसरों और पुलिस बल ने घंटों की मशक्कत की, लेकिन पूर्व सभासद टावर से नीचे उतरने को तैयार नहीं हुए।

पूर्व सभासद विजय बाबू, पुत्र स्व. जगदीश निवासी मोहल्ला होली चौक वार्ड नं. 5 बिसौली का कहना है कि उन्होंने वजीरगंज क्षेत्र में जमीन खरीदी थी। इस जमीन पर निर्माण कार्य के लिए तहसील और न्यायालय से आदेश भी प्राप्त हैं। इसके बावजूद पिछले चार वर्षों से उनका निर्माण कार्य रोका जा रहा है। उनका आरोप है कि पूर्व ब्लॉक प्रमुख लाखन सिंह लगातार दबाव बनाकर चारदीवारी रुकवा रहे हैं।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वजीरगंज पुलिस विधायक महेश चंद्र गुप्ता के दबाव में काम कर रही है और उनकी निजी जमीन पर अवैध रूप से निर्माण कार्य रुकवा रही है। जबकि कानून के अनुसार निजी संपत्ति पर निर्माण रोकना पुलिस के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता।

विजय बाबू ने बताया कि उन्होंने इस प्रकरण की शिकायत 11 अगस्त को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से भी की थी। उस समय उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी कारण आक्रोश में आकर उन्हें मोबाइल टावर पर चढ़कर प्रदर्शन करना पड़ा।

घटना की जानकारी मिलते ही बैंक ऑफ बड़ौदा के पास बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी एकत्र हो गए। मौके पर पहुंचे एसडीएम बिसौली, तहसीलदार और इस्पेक्टर हरेंद्र सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ हालात संभाले और विजय बाबू से नीचे उतरने की अपील की। लेकिन पूर्व सभासद का कहना था कि जब तक उनकी जमीन पर निर्माण कार्य शुरू नहीं होगा, वे नीचे नहीं उतरेंगे।

समाचार लिखे जाने तक पूर्व सभासद मोबाइल टावर पर ही डटे हुए थे और प्रशासन उन्हें सुरक्षित उतारने के प्रयास में जुटा हुआ था।

Spread the love

Check Also

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष।

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष। उझानी …

error: Content is protected !!