Breaking News

सैयदराजा किड्स पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाई गई स्वामी विवेकानंद जयंती।

सैयदराजा किड्स पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाई गई स्वामी विवेकानंद जयंती।

घूरेलाल कन्नौजिया, संवाददाता 

चंदौली। सैयदराजा नगर स्थित किड्स पब्लिक स्कूल में सोमवार को महान संत, विचारक और युवा प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया तथा उनके विचारों और आदर्शों को विद्यार्थियों के बीच साझा किया गया।

कार्यक्रम में जयदेश टाइम्स के वरिष्ठ पत्रकार राममनोहर तिवारी ने अपने संबोधन में स्वामी विवेकानंद के जीवन और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनका जन्म 12 जनवरी 1863 को हुआ था तथा 4 जुलाई 1902 को वे स्वर्गलोक सिधार गए। वे वेदांत के विख्यात और प्रभावशाली आध्यात्मिक गुरु थे। उनका वास्तविक नाम नरेन्द्र नाथ दत्त था। वे रामकृष्ण परमहंस के सुयोग्य शिष्य थे और उन्होंने रामकृष्ण मिशन की स्थापना की, जो आज भी मानव सेवा और आध्यात्मिक जागरण का कार्य कर रहा है।

उन्होंने बताया कि स्वामी विवेकानंद ने सन् 1893 में अमेरिका के शिकागो में आयोजित विश्व धर्म महासभा (World’s Parliament of Religions) में भारत की ओर से सनातन धर्म का प्रतिनिधित्व कर पूरी दुनिया में भारत की आध्यात्मिक संस्कृति का गौरव बढ़ाया। उनका ऐतिहासिक संबोधन “मेरे अमेरिकी बहनों एवं भाइयों” से प्रारंभ हुआ, जिसने वहां उपस्थित हजारों लोगों का दिल जीत लिया था और भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई।

राममनोहर तिवारी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने अमेरिका, इंग्लैंड और यूरोप में हिंदू दर्शन और भारतीय संस्कृति का प्रचार-प्रसार किया। भारत में उन्हें एक देशभक्त संन्यासी के रूप में सम्मान दिया जाता है और उनके जन्मदिन को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है, जिससे युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा मिलती है।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक सुशील शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार धीरेंद्र सिंह शक्ति, आकाश शर्मा, प्रीति भारती, पलक कुमारी, विजय कुमार पाण्डेय, देवेंद्र कुमार जालान, फेराज सहित अनेक शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!