Breaking News

वारंटी को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम से भिड़े परिजन, सात गिरफ्तार।

गैर जमानती वारंट की कार्रवाई के दौरान पुलिसकर्मियों से मारपीट और अभद्रता का आरोप, 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बरेली। गैर जमानती वारंट की तामील कराने पहुंची पुलिस टीम को सीबीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम तिलियापुर में विरोध का सामना करना पड़ा। वारंटी को हिरासत में लेने के बाद दूसरे आरोपी को पकड़ने की कोशिश के दौरान परिजनों और उनके सहयोगियों पर पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों से मारपीट करने और हिरासत से वारंटी को छुड़ाने का प्रयास करने का आरोप है। मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

एसपी सिटी चिराग जैन के मुताबिक, थाना प्रभारी विनोद सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक पवन कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ लईक और भोला पुत्र सफरुद्दीन उर्फ सिपहिया के खिलाफ जारी गैर जमानती वारंट की तामील कराने रात में ग्राम तिलियापुर पहुंचे थे। पुलिस को भोला मौके पर मिल गया, जिसे वारंट की जानकारी देकर हिरासत में ले लिया गया।

इसके बाद पुलिस टीम ने दूसरे वारंटी लईक को पकड़ने का प्रयास किया तो उसकी पत्नी कुबरा समेत परिवार के अन्य लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि इस दौरान कुछ अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट व अभद्रता करने लगे। इसी बीच लईक मौके से फरार हो गया। आरोपियों ने भोला को भी पुलिस हिरासत से छुड़ाने का प्रयास किया।

स्थिति बिगड़ने पर थाने से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया, जिसके बाद भोला को सुरक्षित थाने लाया गया। पुलिस ने मामले में मुकदमा अपराध संख्या 433/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में 12 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर राशिद, जाहिद, शाहिद, अजहर और साबिर निवासी तिलियापुर तथा इमरान निवासी गौतारा, थाना फतेहगंज पश्चिमी को गिरफ्तार किया गया। वहीं वारंटी भोला की गिरफ्तारी को मिलाकर अब तक कुल सात आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार राशिद के खिलाफ कैंट थाने में दहेज उत्पीड़न समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है, जबकि भोला के खिलाफ सीबीगंज थाने में वर्ष 2008 का एक मुकदमा भी दर्ज है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Spread the love

Check Also

पेंशनर 1 नवंबर से ऑनलाइन जमा कर सकेंगे डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र।

राष्ट्रीय डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान शुरू, वरिष्ठ कोषाधिकारी ने पेंशनरों से समय पर प्रमाण-पत्र जमा …