Breaking News

बदायूं में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई PET-2026 परीक्षा, 5387 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित।

बदायूं में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई PET-2026 परीक्षा, 5387 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित।

बदायूं। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 जनपद में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी के बीच शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न हुई। दोनों पालियों में कुल 19,632 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 14,245 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 5,387 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

शुक्रवार को आयोजित परीक्षा की प्रथम पाली में पंजीकृत 9,816 अभ्यर्थियों में से 7,116 उपस्थित हुए और 2,700 अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में 9,816 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 7,129 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 2,687 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने परीक्षा संचालन, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक प्रबंधों की जानकारी संबंधित अधिकारियों से प्राप्त की। उन्होंने परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही जिलाधिकारी और एसएसपी ने कोषागार का भी निरीक्षण किया। यहां परीक्षा के प्रश्नपत्रों की सुरक्षा एवं सुरक्षित रख-रखाव से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि प्रश्नपत्रों की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए।

दोनों अधिकारियों ने कहा कि परीक्षा के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा देने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की निगरानी में जनपद में PET-2026 की परीक्षा सकुशल संपन्न हुई।

 

 

Spread the love

Check Also

किसानों के समर्थन में बाजार बंदी की अपील बेअसर, मीना बाजार में सामान्य कारोबार।

व्यापार मंडल के आह्वान के बावजूद दोपहर ढाई बजे तक खुली रहीं अधिकांश दुकानें, पदाधिकारियों …