Breaking News

आधी रात बॉर्डर पर एसडीएम की दबिश, बिना परमिट और ओवरलोड ट्रक पकड़ा।

आमडंडा बॉर्डर पर चेकिंग के दौरान कार्रवाई, ट्रक सीज कर पुलिस को सौंपा; खनन विभाग करेगा आगे की वैधानिक कार्रवाई।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बहेड़ी (बरेली)। खनिजों के अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में एसडीएम गोपाल शर्मा ने देर रात आमडंडा बॉर्डर पर छापेमारी कर बिना आईएसटीपी (इंडियन स्टोन ट्रांसपोर्ट परमिट) के खनिज परिवहन कर रहे एक ओवरलोड ट्रक को पकड़ लिया। प्रशासन ने ट्रक को सीज कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

बॉर्डर पर देर रात हुई इस अचानक कार्रवाई से खनिज परिवहन में नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों में खलबली मच गई। जांच के दौरान ट्रक चालक के पास खनिज परिवहन से संबंधित जरूरी परमिट नहीं मिला। इसके अलावा वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक लोड पाया गया। अनियमितताएं सामने आने पर एसडीएम ने तत्काल ट्रक को सीज कराने की कार्रवाई की।

एसडीएम गोपाल शर्मा ने बताया कि पकड़े गए ट्रक के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई खनन विभाग की ओर से की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि खनिजों का परिवहन निर्धारित नियमों और वैध दस्तावेजों के आधार पर ही किया जा सकता है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

प्रशासन की इस कार्रवाई को आमडंडा बॉर्डर पर खनिजों के अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

 

 

Spread the love

Check Also

पेंशनर 1 नवंबर से ऑनलाइन जमा कर सकेंगे डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र।

राष्ट्रीय डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान शुरू, वरिष्ठ कोषाधिकारी ने पेंशनरों से समय पर प्रमाण-पत्र जमा …