Breaking News

कासगंज: प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी की अध्यक्षता में जिला योजना समिति की बैठक, विकास कार्यों की हुई समीक्षा।

कासगंज: प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी की अध्यक्षता में जिला योजना समिति की बैठक, विकास कार्यों की हुई समीक्षा।

संवाददाता, जुम्मन कुरैशी 

कासगंज। उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री एवं जनपद कासगंज के प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी की अध्यक्षता में सोमवार को जिला योजना समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में सदर विधायक देवेंद्र सिंह राजपूत, अमांपुर विधायक हरिओम वर्मा, विधान परिषद सदस्य रजनीकांत माहेश्वरी, भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा, जिलाधिकारी प्रणय सिंह, पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

प्रभारी मंत्री ने विभागवार योजनाओं और निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक बिना किसी भेदभाव के पहुंचाया जाए। उन्होंने सभी विकास कार्यों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए।

बैठक में विद्युत व्यवस्था को लेकर भी प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और बिजली संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

वहीं आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर वर्ष की तरह इस बार भी कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सफल बनाया जाए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ साफ-सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, विद्युत व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों और प्रस्तावों को गंभीरता से लेते हुए उन पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विकास कार्यों में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता और सुझावों को प्राथमिकता दी जाए।

बैठक के अंत में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने जिले के समग्र विकास और शासन की प्राथमिकताओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

Spread the love

Check Also

फर्रुखाबाद: रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पास में अवैध तमंचा मिलने से फैली सनसनी।

फर्रुखाबाद: रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पास में अवैध …