Breaking News

परिवार की नाराजगी के चलते प्रेमी युगल ने खाया जहर, युवती की मौत, युवक की हालत गंभीर।

परिवार की नाराजगी के चलते प्रेमी युगल ने खाया जहर, युवती की मौत, युवक की हालत गंभीर।

शैलेश सिंह, संवाददाता 

चंदौली। चकिया कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार की सुबह प्रेमी युगल ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। दोनों ने दीरेहु पहाड़ी पर जाकर जहर खा लिया, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई। सुबह के समय टहलने और दौड़ने निकले स्थानीय लोगों ने युवक और युवती को जमीन पर बेहोश पड़ा देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अचेत अवस्था में जिला संयुक्त अस्पताल चकिया पहुंचाया। जहां युवती की मौत हो गई, जबकि युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।

पुलिस के अनुसार, युवक की पहचान दीरेहु निवासी राज सोनकर के रूप में हुई है, जबकि युवती पास के ही एक वार्ड की रहने वाली बताई जा रही है। बताया गया कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे, लेकिन परिवार की रजामंदी न मिलने के कारण दोनों मानसिक रूप से तनाव में थे।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कुछ वर्ष पूर्व राज सोनकर ने युवती को घर से भगाया था, जिसके बाद परिजनों की शिकायत पर उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था और पुलिस ने उसे जेल भेज दिया था। इसके बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा। राज पर 2 अगस्त को गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई थी। वह मार्च माह में जेल से रिहा हुआ था।

पुलिस का कहना है कि पारिवारिक और सामाजिक दबाव के कारण दोनों के बीच मतभेद बढ़ गए थे। इसी तनाव में दोनों ने गुरुवार की सुबह दीरेहु पहाड़ी पर जाकर जहर खाकर जान देने की कोशिश की। पुलिस को मौके से चूहे मारने की दवा का रेपर भी बरामद हुआ है।

प्राथमिक जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग में उठाए गए आत्मघाती कदम का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और दोनों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं ताकि बातचीत के आधार पर घटना की पूरी पृष्ठभूमि सामने आ सके।

सीओ रघुराज ने बताया कि युवक की हालत नाजुक बनी हुई है और चिकित्सकों की टीम उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!