Breaking News

चंदौली के होम्योपैथी चिकित्सक डॉ. अभिमन्यु पाण्डेय को रायपुर में मिला सम्मान।

चंदौली के होम्योपैथी चिकित्सक डॉ. अभिमन्यु पाण्डेय को रायपुर में मिला सम्मान।

घूरेलाल कन्नौजिया, संवाददाता

चंदौली। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित आयुर्वेदिक कॉलेज परिसर में सोमवार की देर शाम छत्तीसगढ़ सरकार के तत्वावधान में एक विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर देशभर के लाखों असहाय और जरूरतमंद मरीजों के लिए उम्मीद की किरण बनकर सामने आया, जहां चिकित्सा क्षेत्र की विभिन्न विधाओं के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सेवाएं प्रदान कीं।

इस मेगा हेल्थ कैम्प में एलोपैथी, होम्योपैथी, आयुर्वेद, डेंटल, कैंसर, ऑप्थैल्मोलॉजी समेत चिकित्सा के सभी प्रमुख विभागों के देश के जाने-माने चिकित्सकों ने मरीजों को परामर्श दिया। शिविर के दौरान एमआरआई, सीटी स्कैन, रक्त जांच सहित अन्य सभी आवश्यक चिकित्सकीय जांचें पूरी तरह नि:शुल्क की गईं।

इसी भव्य आयोजन में चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए चंदौली निवासी प्रख्यात होम्योपैथी चिकित्सक डॉ. अभिमन्यु पाण्डेय को सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान रायपुर की महापौर मीनल चौबे, पूर्व मंत्री व भाजपा विधायक राजेश मूणत तथा सांसद एवं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल द्वारा प्रदान किया गया।

डॉ. अभिमन्यु पाण्डेय मूल रूप से जनपद चंदौली के निवासी हैं। चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय कार्यों को देखते हुए उन्हें इससे पहले भी कई राज्यों के मुख्यमंत्री और राज्यपालों द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। जैसे ही उन्हें रायपुर में यह सम्मान प्राप्त हुआ, चंदौली जनपद में खुशी की लहर दौड़ गई।

डॉ. पाण्डेय द्वारा वर्षों से निर्धन और असहाय मरीजों का नि:शुल्क उपचार निरंतर होम्योपैथी के माध्यम से किया जा रहा है, जिससे समाज के कमजोर वर्ग को बड़ी राहत मिल रही है।

यह विशाल स्वास्थ्य शिविर देश की सभी राज्य सरकारों के लिए एक प्रेरणास्रोत है और यह दर्शाता है कि सुनियोजित और व्यवस्थित तरीके से किस प्रकार इतने बड़े स्तर पर सफल आयोजन किया जा सकता है। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधायक व पूर्व मंत्री राजेश मूणत, रायपुर महापौर मीनल चौबे, सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे और आयोजन की शोभा बढ़ाई।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!