Breaking News

हाईटेंशन तार की चपेट में आने से किसान व पालतू कुत्ते की मौत, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप।

हाईटेंशन तार की चपेट में आने से किसान व पालतू कुत्ते की मौत, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप।

घूरेलाल कन्नौजिया, संवाददाता 

चंदौली। जनपद चंदौली के बरहनी विकास खंड अंतर्गत ग्राम पई, थाना कंदवा क्षेत्र में बिजली विभाग की कथित लापरवाही से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। खेत में गिरे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक अधेड़ किसान और उसके पालतू कुत्ते की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक की पहचान पारस बिंद (उम्र लगभग 52 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, पारस बिंद आज सुबह करीब 5 बजे अपने खेत में गेहूं की सिंचाई करने निकले थे। खेत में पहले से ही हाईटेंशन बिजली का तार टूटा हुआ पड़ा था, जिसकी जानकारी अंधेरा होने के कारण उन्हें नहीं हो सकी। जैसे ही वे आगे बढ़े, अचानक गिरे हुए तार की चपेट में आ गए और तेज करंट लगने से मौके पर ही गिर पड़े।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करंट इतना तेज था कि मृतक के कपड़े तक जल गए। उनके साथ मौजूद पालतू कुत्ता भी करंट की चपेट में आकर मर गया। घटना की जानकारी होते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन विद्युत आपूर्ति चालू होने के कारण कोई भी पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। बाद में बिजली सप्लाई बंद कराई गई, तब जाकर शव को तार से अलग किया गया।

परिजन उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतक पारस बिंद परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनके परिवार में चार बेटियां और दो बेटे हैं। चार बेटियों में से तीन की शादी हो चुकी है, जबकि एक अभी अविवाहित है। दो बेटों की उम्र क्रमशः लगभग 16 और 19 वर्ष बताई जा रही है।

ग्रामीण लाल बहादुर ने बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि यह पहली घटना नहीं है। करीब दो वर्ष पूर्व भी उनके बेटे की मौत बिजली विभाग की लापरवाही से हुई थी, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते जर्जर तारों की मरम्मत और नियमित निगरानी होती, तो इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकता था।

घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने जिला प्रशासन से मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता, उचित मुआवजा और दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुट गई। यह हृदयविदारक घटना एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में बदहाल बिजली व्यवस्था और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को उजागर करती है।

Spread the love

Check Also

शाहजहांपुर: फैक्ट्री स्टेट रामलीला को लेकर समिति ने साफ किया अपना पक्ष।

पूर्व कलाकारों के आरोपों पर सचिव ए.के. व्यास बोले—बैठक के लिए कई बार दी गई …