Breaking News

बदायूं: प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम से युवाओं को मिल रहा नया अवसर, बन रहे आत्मनिर्भर।

प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम से युवाओं को मिल रहा नया अवसर, बन रहे आत्मनिर्भर।

बदायूं। युवाओं को स्वावलंबी बनाने और स्वरोजगार की दिशा में प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) संचालित किया जा रहा है। इस योजना के माध्यम से बेरोजगार युवाओं को उद्योग स्थापित करने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे वे आत्मनिर्भर बनकर दूसरों को भी रोजगार दे सकें।

इस योजना के तहत निर्माण क्षेत्र में अधिकतम 50 लाख रुपये और सेवा या व्यापार से संबंधित क्षेत्र में 20 लाख रुपये तक की लागत की परियोजनाओं के लिए ऋण उपलब्ध कराया जाता है। योजना का लाभ ग्रामीण और शहरी, दोनों क्षेत्रों के पात्र युवाओं को दिया जा रहा है।

प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत 18 वर्ष से अधिक आयु के युवक-युवतियां, जो स्वयं का व्यवसाय प्रारंभ करना चाहते हैं, आवेदन कर सकते हैं। साथ ही पंजीकृत सोसायटी या संस्थान भी इस योजना का लाभ लेने के लिए पात्र हैं। पात्रता के अनुसार लाभार्थियों को 25 से 35 प्रतिशत तक की मार्जिन मनी सब्सिडी दी जाती है, जो तीन वर्ष तक इकाई सफलतापूर्वक चलने पर माफ कर दी जाती है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रदेश के युवाओं को “नौकरी मांगने वाला नहीं, नौकरी देने वाला” बनना है। इस दिशा में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

अब तक इस योजना के तहत प्रदेश में 30,659 लाभार्थियों को ₹944.18 करोड़ की अनुदान राशि प्रदान की जा चुकी है, जिससे 3 लाख से अधिक लोगों को रोजगार मिला है।

योजना के अंतर्गत वन-आधारित, खाद्य, खनिज, कृषि, इंजीनियरिंग, वस्त्र, सेवा और गैर-परंपरागत ऊर्जा जैसे उद्योग स्थापित किए जा सकते हैं।

इस योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करना होता है। आवेदन के साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, शैक्षिक योग्यता, मोबाइल नंबर और पासपोर्ट साइज फोटो संलग्न करना आवश्यक है।

इस योजना से संबंधित अधिक जानकारी और सहायता के लिए आवेदक जिला उद्योग केंद्र (DIC), खादी ग्रामोद्योग बोर्ड (KVIB) या खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग (KVIC) से संपर्क कर सकते हैं।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!