Breaking News

बरेली: ग्राम प्रधान की लापरवाही से गई डेढ़ वर्षीय मासूम की जान, खुले नाले में गिरकर दर्दनाक मौत।

ग्राम प्रधान की लापरवाही से गई डेढ़ वर्षीय मासूम की जान, खुले नाले में गिरकर दर्दनाक मौत।

मोहम्मद वसीम, संवाददाता 

बरेली। थाना भोजीपुरा क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर ठाकुरान में पंचायत प्रशासन की घोर लापरवाही एक मासूम की जान पर भारी पड़ गई। गांव में बने खुले नाले में गिरने से डेढ़ वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर के साथ-साथ गहरा आक्रोश भी देखने को मिल रहा है।

मृतक बालक प्रयाग के पिता जितेंद्र ने ग्राम प्रधान शशि गंगवार और उनके पति रामकिशोर गंगवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनके घर के पास बनाए गए नाले को बिना स्लैब डाले खुला छोड़ दिया गया था, जिससे लगातार दुर्घटना का खतरा बना हुआ था। कई बार शिकायत करने और हादसे की चेतावनी देने के बावजूद ग्राम प्रधान व पंचायत प्रशासन ने कोई ध्यान नहीं दिया।

पीड़ित पिता का आरोप है कि यह नाला रोजगार सेवक जसवंत के दबाव में जबरन बनवाया गया। इससे पहले भी उनका मासूम बच्चा दो बार उसी नाले में गिर चुका था, लेकिन तब भी न तो पंचायत और न ही प्रशासन ने कोई ठोस कदम उठाया। तीसरी बार वही लापरवाही बच्चे की मौत का कारण बन गई।

हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते नाले को ढक दिया गया होता या सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए होते, तो एक मासूम की जान बचाई जा सकती थी।

सूचना मिलते ही थाना भोजीपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि ग्राम प्रधान, उनके पति और संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही गांव में बने सभी खुले नालों और खतरनाक निर्माण कार्यों को तुरंत सुरक्षित कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को ऐसा दर्द न सहना पड़े।

यह घटना पंचायत स्तर पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और जिम्मेदारों की लापरवाही का बड़ा उदाहरण है, जहां एक मासूम की जान इसकी कीमत बन गई।

फाइल फोटो – मृतक बालक प्रयाग

बाइट- जितेन्द्र (पिता)

बाइट- मुकेश चंद्र मिश्र एसपी उत्तरी बरेली

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!