Breaking News

कासगंज: कांवड़ यात्रा की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, एडीजी एस.के. भगत ने लहरा घाट का किया निरीक्षण।

कासगंज: कांवड़ यात्रा की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, एडीजी एस.के. भगत ने लहरा घाट का किया निरीक्षण।

संवाददाता, जुम्मन कुरैशी 

कासगंज। आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में आगरा जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) एस.के. भगत ने कासगंज पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। जोनल मुख्यालय से आने के उपरांत पुलिस लाइन में सलामी लेने के बाद एडीजी ने डीआईजी अलीगढ़ परिक्षेत्र प्रभाकर चौधरी और पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह के साथ सोरों स्थित प्रसिद्ध लहरा घाट का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं के मार्ग, घाट क्षेत्र की बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता और खोया-पाया केंद्र जैसी व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा।

एडीजी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है, जिसके लिए घाट पर चौबीस घंटे पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने भीड़ नियंत्रण के लिए ड्रोन कैमरों से निगरानी करने और पीआरवी व यूपी-112 वाहनों को मुस्तैद रखने को कहा। घाटों का मुआयना करने के बाद पुलिस कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को कांवड़ यात्रा को सुव्यवस्थित बनाने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि सभी थाना प्रभारी अपने क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखें और आपस में बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें। यातायात प्रबंधन को इस प्रकार दुरुस्त रखा जाए कि कांवड़ियों के साथ आम जनमानस को भी आवागमन में असुविधा न हो। इस दौरान एएसपी सुशील कुमार, क्षेत्राधिकारी आंचल चौहान और अमित कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

बाइट- एस,के, भगत, एडीजी, आगरा जोन।

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!