Breaking News

बहेड़ी: छह दिन बाद कब्र से निकाला गया महिला का शव, जहर देकर हत्या के आरोपों के बाद प्रशासन ने शुरू की जांच।

बहेड़ी: छह दिन बाद कब्र से निकाला गया महिला का शव, जहर देकर हत्या के आरोपों के बाद प्रशासन ने शुरू की जांच।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बहेड़ी (बरेली): बहेड़ी कस्बे में शनिवार को एक विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला उस समय सनसनीखेज मोड़ पर आ गया, जब प्रशासन ने छह दिन पहले दफनाए गए शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मायके पक्ष द्वारा जहर देकर हत्या किए जाने का आरोप लगाने के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर यह कार्रवाई अमल में लाई गई। अब पूरे मामले का सच पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट पर टिका है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहल्ला बाजार निवासी मोहम्मद ताहिर की पत्नी तबस्सुम की 12 जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। परिजनों ने उसी दिन शव को स्थानीय कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया था। मृतका के भाई जहीन इलियास अहमद (निवासी हल्द्वानी, उत्तराखंड) ने प्रशासन को शिकायत देकर आरोप लगाया कि उनकी बहन की जहर देकर हत्या की गई है और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से ससुराल पक्ष ने बिना सूचित किए जल्दबाजी में शव दफना दिया।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए शनिवार को नायब तहसीलदार, पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में कब्र की खुदाई की गई। इस दौरान पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई ताकि जांच में पूर्ण पारदर्शिता बनी रहे। धार्मिक मर्यादाओं का पालन करते हुए शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की विधिक कार्रवाई तय की जाएगी। यदि रिपोर्ट में किसी भी प्रकार की आपराधिक पुष्टि होती है, तो दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे। इस घटना ने पूरे इलाके में हलचल मचा दी है और अब सबकी निगाहें मेडिकल रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो यह स्पष्ट करेगी कि यह एक स्वाभाविक मौत थी या किसी गहरी साजिश का परिणाम।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!