Breaking News

शाहजहांपुर में आवारा पशुओं के आतंक पर भड़के व्यापारी: नगर निगम पर प्रदर्शन कर नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन।

शाहजहांपुर में आवारा पशुओं के आतंक पर भड़के व्यापारी: नगर निगम पर प्रदर्शन कर नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन।

संवाददाता, मुबारक अली 

शाहजहांपुर। शहर के मुख्य बाजारों और रिहायशी इलाकों में आवारा कुत्तों, बंदरों और छुट्टा सांडों के बढ़ते आतंक से त्रस्त व्यापारियों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा। इस गंभीर समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर सोमवार को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के बैनर तले भारी संख्या में व्यापारियों ने नगर निगम कार्यालय पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। महानगर अध्यक्ष सचिन बाथम के कुशल नेतृत्व में एकजुट हुए व्यापारियों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और इसके बाद नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी से मुलाकात कर उन्हें एक तीन सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।

प्रदर्शनकारियों और व्यापारियों को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष सचिन बाथम ने कहा कि शहर में हिंसक हो चुके आवारा जानवरों के कारण आम राहगीरों, महिलाओं और मासूम बच्चों का सड़कों पर निकलना दूभर हो गया है और वे आए दिन इन पशुओं के हमले का शिकार होकर चोटिल हो रहे हैं। उन्होंने व्यापारिक नुकसान की चर्चा करते हुए स्पष्ट किया कि बाजारों में छुट्टा सांडों और बंदरों के खौफ की वजह से अब ग्राहकों ने आने से परहेज करना शुरू कर दिया है, जिससे स्थानीय व्यापार और दुकानदारों की आर्थिक स्थिति बुरी तरह प्रभावित हो रही है।

व्यापार मंडल ने मांग की है कि नगर निगम प्रशासन तत्काल शहर में ‘डॉग-कैचर’ (कुत्ता पकड़ने वाली) गाड़ी का संचालन शुरू करे, बाजारों में घूम रहे छुट्टा सांडों को पकड़वाकर सरकारी गौशालाओं में भिजवाया जाए और आतंक का पर्याय बने बंदरों को पकड़वाने के लिए वन विभाग के सहयोग से विशेष अभियान चलाया जाए। इसके साथ ही व्यापारियों ने जनता की सहूलियत के लिए एक टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर जारी करने का भी ठोस सुझाव दिया ताकि लोग आवारा पशु दिखने पर तुरंत शिकायत दर्ज करा सकें।

व्यापारियों की इस गंभीर समस्या और जनहित के मुद्दे को बेहद संवेदनशीलता से सुनते हुए नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी ने व्यापार मंडल को आश्वस्त किया कि नगर निगम प्रशासन इस दिशा में त्वरित कदम उठाएगा। उन्होंने शहरवासियों को राहत दिलाने के लिए जल्द से जल्द प्रभावी और धरातलीय कार्रवाई करने का पूरा भरोसा दिया। इस महत्वपूर्ण विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान मुख्य रूप से आकाशदीप गुप्ता, सुरेन्द्र सिंह सेठ, उवैस हसन खां, सुशील दीक्षित और सरताज अली शाह सहित भारी संख्या में स्थानीय व्यापारी, पदाधिकारी और संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।

 

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!