Breaking News

“गांव मजबूत होंगे तो देश बनेगा आत्मनिर्भर” – बलरामपुर में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान।

“गांव मजबूत होंगे तो देश बनेगा आत्मनिर्भर” – बलरामपुर में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान।

ग्रामीण विकास ही विकसित भारत की असली नींव : राकेश सचान।

गुलाम नबी कुरैशी, संवाददाता 

बलरामपुर। ग्रामीण विकास को देश के समग्र विकास की बुनियाद बताते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं बलरामपुर जनपद के प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने कहा कि “जब गांव विकसित होंगे, तभी राष्ट्र विकसित होगा।” उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जी रामजी योजना ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को 125 दिनों का गारंटी रोजगार मिलेगा।

यूपीटी होटल में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मंत्री राकेश सचान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प तभी पूरा होगा, जब गांव आर्थिक, सामाजिक और बुनियादी सुविधाओं के लिहाज से मजबूत होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी जी रामजी योजना को लेकर जनता में भ्रम फैलाने का काम कर रही है, जबकि यह योजना पूरी तरह से ग्रामीण हितों को ध्यान में रखकर लाई गई है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मनरेगा में लंबे समय से जॉब कार्ड, भुगतान और कार्यों को लेकर फर्जीवाड़े की शिकायतें सामने आती रही हैं। अधिकतर केवल कच्चे कार्य कराए जाने के कारण फर्जी भुगतान के जरिए बंदरबांट होता था, जिससे योजना अपने उद्देश्य से भटक गई थी। भाजपा सरकार ने इन कमियों को दूर करते हुए कैबिनेट में जी रामजी योजना विधेयक पास कर ग्रामीणों को पारदर्शी, ईमानदार और सुनिश्चित रोजगार देने की व्यवस्था की है।

उन्होंने बताया कि जी रामजी योजना के अंतर्गत कृषि कार्यों के दौरान मजदूरों से काम नहीं कराया जाएगा, ताकि किसानों और मजदूरों दोनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। मजदूरी का भुगतान एक सप्ताह के भीतर किया जाएगा और यदि भुगतान में देरी होती है तो ब्याज सहित मजदूरी देने का प्रावधान किया गया है।

केंद्र सरकार ने इस योजना के लिए अपने बजट में 1.51 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, जिसमें 60 प्रतिशत राशि केंद्र सरकार और 40 प्रतिशत राशि राज्य सरकार वहन करेगी। वहीं, नॉर्थ ईस्ट के पहाड़ी राज्यों में यह अनुपात 90:10 रखा गया है।

मंत्री राकेश सचान ने कहा कि जी रामजी योजना के तहत गांवों में बारात घर, सामुदायिक भवन सहित अन्य पक्के कार्य कराए जाएंगे, जिससे स्थायी विकास होगा और ग्रामीण ढांचे को मजबूती मिलेगी। इन सभी कार्यों की निगरानी ब्लॉक और जनपद स्तर पर की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोका जा सके।

उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के राम राज्य की परिकल्पना को भाजपा सरकार धरातल पर उतारने का कार्य कर रही है। गांव आत्मनिर्भर बनेंगे तो पलायन रुकेगा और ग्रामीणों को अपने ही क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे।

प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा, सदर विधायक पल्टूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल, उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा, गैसड़ी के पूर्व विधायक शैलेश कुमार सिंह ‘शैलू’, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’, निषाद पार्टी जिलाध्यक्ष आंधी प्रसाद निषाद, सुभासपा जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह ‘बबलू’, मीडिया प्रभारी डीपी सिंह, मीडिया संयोजक अवधेश पाण्डेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Byte – राकेश सचान मंत्री

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!