Breaking News

उझानी: ए.पी.एस. इंटरनेशनल स्कूल उझानी में एनसीसी कर्नल संजय नायर का दौरा, कैडेट्स को किया प्रेरित।

ए.पी.एस. इंटरनेशनल स्कूल उझानी में एनसीसी कर्नल संजय नायर का दौरा, कैडेट्स को दिया अनुशासन व देशसेवा का संदेश।

राष्ट्रीय न्यूज़ टुडे 

उझानी, बदायूं। ए.पी.एस. इंटरनेशनल स्कूल उझानी में 21 यूपी बटालियन एनसीसी बरेली के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल श्री संजय नायर का औपचारिक दौरा हुआ। उनके आगमन पर विद्यालय परिसर में उत्साह और अनुशासन का वातावरण देखने को मिला। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री रविंद्र भट्ट ने गुलदस्ता भेंट कर तथा उप-प्रधानाचार्य ने विद्यालय का प्रतीक चिन्ह प्रदान कर कर्नल नायर का भव्य स्वागत किया।

इस अवसर पर एनसीसी के फर्स्ट ईयर कैडेट्स द्वारा कर्नल संजय नायर को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। परेड और अनुशासनबद्ध सलामी ने कैडेट्स की मेहनत और प्रशिक्षण स्तर को दर्शाया।

कर्नल संजय नायर ने फर्स्ट ईयर एवं सेकेंड ईयर के कैडेट्स से संवाद करते हुए उन्हें आगामी “ए” प्रमाण-पत्र परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि एनसीसी केवल शारीरिक प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानसिक रूप से भी मजबूत बनाती है। इससे कैडेट्स में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, देशभक्ति और जिम्मेदारी की भावना का विकास होता है।

उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट्स भविष्य में सेना, पुलिस, प्रशासन और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में देश की सेवा कर सकते हैं। एनसीसी से प्राप्त प्रशिक्षण जीवनभर काम आता है और यह युवाओं को सही दिशा देने का कार्य करता है। कर्नल नायर ने कैडेट्स को अपने लक्ष्य के प्रति ईमानदार रहने, नियमित अभ्यास करने और राष्ट्रसेवा को जीवन का उद्देश्य बनाने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स की गतिविधियों, प्रशिक्षण व्यवस्था और अनुशासन की सराहना की गई। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को एनसीसी के प्रति सकारात्मक वातावरण बनाए रखने के लिए बधाई दी।

कार्यक्रम का संचालन सार्जेंट अथर्व मिश्रा ने कुशलता पूर्वक किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, एनसीसी अधिकारीगण, स्कूल स्टाफ तथा बड़ी संख्या में कैडेट्स उपस्थित रहे।

कर्नल संजय नायर के इस दौरे से कैडेट्स में नया उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रसेवा के संकल्प और एनसीसी के आदर्श वाक्य “एकता और अनुशासन” को आत्मसात करने के संदेश के साथ किया गया।

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!