Breaking News

वित्त मंत्री ने 19 नवचयनित एम.बी.बी.एस. चिकित्सकों को सौंपे नियुक्ति पत्र।

वित्त मंत्री ने 19 नवचयनित एम.बी.बी.एस. चिकित्सकों को सौंपे नियुक्ति पत्र।

कहा – विनम्र, शालीन और संवेदनशील व्यवहार ही एक सच्चे चिकित्सक की पहचान।

मुबारक अली, संवाददाता

शाहजहाँपुर। उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समारोह के दौरान 19 नवचयनित एम.बी.बी.एस. संविदा चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक व जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा साक्षात्कार प्रक्रिया के माध्यम से वर्गवार व योग्यता के आधार पर कुल 24 योग्य अभ्यर्थियों का चयन संविदा चिकित्सक पद पर किया गया है। इनमें से 19 को आज नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

मंत्री बोले – दबाव में भी धैर्य बनाए रखना चिकित्सक की पहचान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि डॉक्टर समाज में सेवा और विश्वास के प्रतीक होते हैं। प्रत्येक चिकित्सक को मन से लोगों की सेवा करनी चाहिए और दूसरों के जीवन को सहज एवं सुखद बनाने का प्रयास करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि चिकित्सकीय कार्य क्षेत्र में दबाव और चुनौतियाँ दोनों रहती हैं, लेकिन मरीजों के प्रति सदैव विनम्र, शालीन और संवेदनशील व्यवहार बनाए रखना ही एक सच्चे चिकित्सक की असली पहचान है।

“मरीज या उनके परिजन का व्यवहार जैसा भी हो, चिकित्सक को हमेशा शांत, संयमित और सकारात्मक रहकर उनकी समस्या को समझना चाहिए। जो व्यक्ति दबाव में भी धैर्य नहीं खोता, वही अपने करियर में आगे बढ़ता है।” – सुरेश कुमार खन्ना

समय की कद्र और निरंतर सीखना जरूरी – मंत्री

मंत्री ने नवचयनित डॉक्टरों को सलाह दी कि वे समय की महत्ता समझें और चिकित्सा क्षेत्र में निरंतर अद्यतन रहें। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों को रिसर्च और नई उपचार पद्धतियों की जानकारी लगातार प्राप्त करते रहना चाहिए, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ मिल सकें।

“डॉक्टर की सच्ची सेवा तब मानी जाएगी जब मरीज स्वस्थ होकर धन्यवाद देने लौटे।” – वित्त मंत्री

समारोह में राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया, विधान परिषद सदस्य डॉ. सुधीर कुमार गुप्ता, सांसद अरुण कुमार सागर, पुवायां विधायक चेतराम, जिलाध्यक्ष के.सी. मिश्रा, डी.सी.बी. चेयरमैन डी.पी.एस. राठौर, जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह सहित अन्य अधिकारी और गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Spread the love

Check Also

बलरामपुर: खेत की जुताई करने जा रहे किसान की ट्रैक्टर पलटने से दर्दनाक मौत, मचा कोहराम।

बलरामपुर: खेत की जुताई करने जा रहे किसान की ट्रैक्टर पलटने से दर्दनाक मौत, मचा …

error: Content is protected !!