Breaking News

ट्रेड शो में अवश्य आएं, स्वदेशी को गर्व से अपनाएं : वित्त मंत्री

ट्रेड शो में अवश्य आएं, स्वदेशी को गर्व से अपनाएं : वित्त मंत्री

मंत्री बोले – “स्वदेशी अपनाएं ताकि देश का पैसा देश में ही रहे”

मुबारक अली, संवाददाता

शाहजहाँपुर। जनपद शाहजहाँपुर के राजकीय इंटर कॉलेज क्रीड़ा मैदान खिरनीबाग में शनिवार को आरंभ हुए स्वदेशी मेला 2025 का शुभारंभ उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने फीता काटकर और भगवान श्री गणेश के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।

यह मेला 18 अक्टूबर 2025 तक चलेगा, जिसमें जिले के कारीगरों, हस्तशिल्पियों और छोटे उद्यमियों द्वारा निर्मित स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शित किया जा रहा है।

20.77 करोड़ की धनराशि के प्रतीकात्मक चेक वितरित

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने 1315 स्वयं सहायता समूहों को ₹19.72 करोड़ और 350 समूहों को ₹1.05 करोड़ की धनराशि के कुल ₹20.77 करोड़ के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए।

साथ ही मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड एवं माटीकला बोर्ड के लाभार्थियों को भी प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए गए।

प्रदेशभर में 9 से 18 अक्टूबर तक स्वदेशी मेले आयोजित – मंत्री

वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि नोएडा में पिछले तीन वर्षों से आयोजित इंटरनेशनल ट्रेड शो की सफलता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने यह निर्णय लिया है कि प्रदेश के सभी जनपदों में 9 से 18 अक्टूबर तक स्वदेशी मेले आयोजित किए जाएं।

उन्होंने कहा कि इन मेलों का उद्देश्य स्वदेशी वस्तुओं के उपभोग को बढ़ावा देना और भारत की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करना है।

“स्वदेशी अपनाने से हमारे देश का पैसा देश में ही रहेगा। जब देश की बनी वस्तुएं बिकेंगी, तभी देश का उद्योग और रोजगार दोनों बढ़ेंगे।” – सुरेश कुमार खन्ना

कारीगरों और उद्यमियों के लिए सुनहरा अवसर।

मंत्री ने कहा कि शाहजहाँपुर का ओडीओपी उत्पाद जरी-जरदोजी देशभर में प्रसिद्ध है। ऐसे उत्पादकों के लिए यह मेला अपने हुनर को प्रदर्शित करने और खरीदारों से सीधा जुड़ने का शानदार अवसर है।

उन्होंने कहा कि स्वदेशी वस्तुओं की खरीद से परिवहन, बिजली और शोरूम जैसे अतिरिक्त खर्चों से राहत मिलती है, जिससे उपभोक्ता और उत्पादक दोनों को लाभ होता है।

जीएसटी में राहत से बढ़ा उद्योग क्षेत्र का विश्वास।

वित्त मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जीएसटी में कटौती कर उद्योग जगत को बड़ी राहत दी गई है।

“ऑटोमोबाइल सेक्टर में जीएसटी कम होने से लाखों रुपये की बचत हुई है, जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिला है।” – वित्त मंत्री

“लोकल से वोकल” थीम के साथ स्वदेशी का संदेश

मंत्री ने बताया कि यह आयोजन उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 के अंतर्गत किया जा रहा है, जिसकी थीम है —

“स्वदेशी उत्पाद और लोकल से वोकल।”

उन्होंने लोगों से अपील की कि इस दिवाली स्वदेशी वस्तुएं खरीदें और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती दें।

जिलाधिकारी ने किया आह्वान – स्वदेशी मेला बनाएं सफल।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ. सुधीर कुमार गुप्ता, सांसद अरुण कुमार सागर, भाजपा जिलाध्यक्ष के.सी. मिश्रा, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह, नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह, उद्योग उपनिदेशक अनुराग यादव समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने अतिथियों का आभार जताते हुए आमजन से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में मेले में आएं और “स्वदेशी अपनाओ, देश बढ़ाओ” की भावना को आगे बढ़ाएं।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!