Breaking News

बलरामपुर में राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज सम्पन्न, आपदाओं से निपटने को लेकर अधिकारियों और नागरिकों को दिया गया प्रशिक्षण।

बलरामपुर में राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज सम्पन्न, आपदाओं से निपटने को लेकर अधिकारियों और नागरिकों को दिया गया प्रशिक्षण।

गुलाम नबी कुरैशी, संवाददाता

बलरामपुर। जनपद बलरामपुर में शुक्रवार को भूकम्प, औद्योगिक रसायन और अग्निकांड जैसी आपात स्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया गया। यह अभ्यास जिलाधिकारी पवन अग्रवाल के नेतृत्व में जिले की तीनों तहसीलों—बलरामपुर, तुलसीपुर और उतरौला—में सम्पन्न हुआ। इस दौरान संबंधित विभागों, सुरक्षा बलों और आम नागरिकों की आपदा प्रबंधन क्षमता का परीक्षण किया गया।

सबसे बड़ी मॉक ड्रिल बलरामपुर चीनी मिल के केमिकल डिवीजन में हुई। परिदृश्य के अनुसार भूकम्प आने से एथनॉल प्लांट में रसायन रिसाव और आग लगने की सूचना जिला नियंत्रण कक्ष को दी गई। जिलाधिकारी के निर्देश पर तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। अग्निशमन विभाग, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, चीनी मिल सुरक्षा कर्मियों और आपदा प्रबंधन टीम ने मौके पर पहुंचकर तेजी से कार्रवाई की। राहत कार्य के दौरान 15 मजदूरों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया तथा उनका प्राथमिक उपचार कराया गया।

तहसील तुलसीपुर में तहसील भवन में आग लगने और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भूकम्प के बाद उत्पन्न मेडिकल इमरजेंसी का अभ्यास किया गया। वहीं तहसील उतरौला के मोहम्मद यूसुफ उस्मानी इंटर कॉलेज में भूकम्प आने की स्थिति में बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास कराया गया। इस मौके पर विद्यार्थियों को आपदा के समय “क्या करें और क्या न करें” की जानकारी दी गई।

मीडिया से बातचीत में जिलाधिकारी पवन अग्रवाल ने बताया कि बलरामपुर जिला भूकम्प की दृष्टि से जोन-4 में आता है। ऐसे में आपदा से निपटने की क्षमता विकसित करना अत्यंत आवश्यक है। मॉक ड्रिल का उद्देश्य अधिकारियों, कर्मचारियों और आम जनता को प्रशिक्षित कर आपदा की स्थिति में शांत और प्रभावी प्रतिक्रिया देने के लिए सक्षम बनाना है।

अभ्यास को सफल बनाने के लिए एडीएम वित्त एवं राजस्व ज्योति राय को ओवरऑल नोडल अधिकारी तथा आपदा विशेषज्ञ अरुण सिंह को समन्वयक की जिम्मेदारी सौंपी गई। तहसील स्तर पर एसडीएम को नोडल अधिकारी नामित किया गया। इस मौके पर एएसपी विशाल पाण्डेय, एसडीएम हेमन्त गुप्ता, तहसीलदार विश्व दीपक त्रिपाठी, अग्निशमन अधिकारी अंकित कुमार, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, एनसीसी कैडेट्स, आपदा मित्र स्वयंसेवक, एसएसबी के जवान और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!