Breaking News

कासगंज: खाकी का मानवीय चेहरा: भीषण गर्मी में ढोलना पुलिस ने स्टॉल लगाकर राहगीरों को पिलाया ठंडा शरबत।

खाकी का मानवीय चेहरा: भीषण गर्मी में ढोलना पुलिस ने स्टॉल लगाकर राहगीरों को पिलाया ठंडा शरबत।

संवाददाता, जुम्मन कुरैशी 

ढोलना (कासगंज)। उत्तर प्रदेश में इन दिनों आसमान से बरस रही आग और चिलचिलाती धूप के बीच आम जनता को राहत देने के लिए ढोलना पुलिस ने एक बेहद सराहनीय और संवेदनशील पहल की है। रविवार को क्षेत्र में चल रही भयंकर लू और थपेड़ों से बेहाल मुसाफिरों व राहगीरों को राहत पहुँचाने के उद्देश्य से थाना ढोलना पुलिस द्वारा मुख्य मार्ग पर ठंडे शरबत के स्टॉल की व्यवस्था की गई।

इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने मार्ग से गुजरने वाले दोपहिया वाहन चालकों, राहगीरों और यात्रियों को सम्मानपूर्वक रोक-रोक कर बड़े ही सेवा भाव से ठंडा शरबत पिलाया। इस चिलचिलाती धूप और उमस भरे माहौल में सफर कर रहे थके-हारे लोगों को जब खाकी के हाथों ठंडा शरबत मिला, तो उनके चेहरों पर बड़ी राहत और सुकून की मुस्कान तैर गई।

पुलिस के इस अनोखे और सेवाभावी रूप को देखकर स्थानीय निवासियों और वहाँ से गुजरने वाले मुसाफिरों ने ढोलना पुलिस की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। आमतौर पर समाज में पुलिस की छवि बेहद सख्त मानी जाती है, लेकिन तपती धूप में किए गए इस पुनीत कार्य ने आम जनमानस के बीच खाकी का एक बेहद सकारात्मक और मानवीय चेहरा पेश किया है।

इस जनसेवा अभियान के दौरान थाने के तमाम उपनिरीक्षक और सिपाही पूरी मुस्तैदी के साथ लोगों को शरबत वितरित करने में जुटे रहे। इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रभारी निरीक्षक जगदीश चंद्र ने बताया कि लगातार बढ़ रहे पारे और लू के प्रकोप को देखते हुए राहगीरों की सुविधा के लिए यह एक छोटा सा प्रयास किया गया है, ताकि इस जानलेवा गर्मी में लंबी दूरी का सफर तय कर रहे मुसाफिरों के कंठ को थोड़ी शीतलता मिल सके और वे सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुँच सकें।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!