Breaking News

हार्वेस्टर की चिंगारी से लगी आग, करीब 40 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख।

हार्वेस्टर की चिंगारी से लगी आग, करीब 40 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख।

संवाददाता: शैलेश सिंह

चन्दौली। बबुरी थाना क्षेत्र के जरखोर गांव के सिवान में सोमवार दोपहर गेहूं की खड़ी फसल में अचानक आग लग गई, जिससे लगभग 40 बीघा फसल जलकर नष्ट हो गई। आग लगने का कारण हार्वेस्टर से निकली चिंगारी बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार गांव में हार्वेस्टर से गेहूं की कटाई का काम चल रहा था। इसी दौरान मशीन से निकली चिंगारी सूखी फसल पर गिर गई और देखते ही देखते आग फैल गई। आग लगते ही हार्वेस्टर चालक मशीन लेकर मौके से चला गया।

खेतों में आग लगी देख आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक किसानों की बड़ी मात्रा में फसल जल चुकी थी।

घटना के बाद नाराज किसानों ने हार्वेस्टर को घेर लिया और नुकसान की भरपाई की मांग करने लगे। सूचना मिलने पर बबुरी थाना अध्यक्ष विनोद कुमार मिश्रा मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने हार्वेस्टर को अपने कब्जे में लेकर थाने भेज दिया।

पीड़ित किसानों गुल्लु राम, लक्ष्मण सहित अन्य किसानों का कहना है कि वे छोटे किसान हैं और कई लोगों ने जमीन किराए पर लेकर खेती की थी। उनका कहना है कि यदि सरकारी मुआवजा मिलता भी है तो वह जमीन मालिक को जाएगा, ऐसे में हार्वेस्टर मालिक से ही नुकसान की भरपाई कराई जाए।

किसानों ने बताया कि पहले बाढ़ से धान की फसल बर्बाद हो चुकी थी और अब इस आग की घटना से गेहूं की फसल भी नष्ट हो गई है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति पर गंभीर असर पड़ेगा।

आग से हरि प्रताप सिंह की करीब 30 बीघा, गुल्लु राम की 1 बीघा, झून्नू राम की 2 बीघा, बुद्धू राम की 1 बीघा, लक्ष्मण की लगभग डेढ़ बीघा, चंदा देवी की 14 बिस्सा और राम सूरत की करीब डेढ़ बिस्सा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!