Breaking News

इटावा: हाईवे पर लापरवाही बनी काल, 9 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत।

हाईवे पर लापरवाही बनी काल, 9 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत।

दीपक शुक्ला, संवाददाता 

इटावा। इटावा-बरेली मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी। इस दुर्घटना में 9 वर्षीय एक मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में एक महिला और बच्ची की हालत नाजुक बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक ट्रैक्टर पर बिजली के पोल लदे हुए थे, लेकिन उस पर किसी भी प्रकार का चेतावनी संकेत या रिफ्लेक्टर नहीं लगाया गया था। इसी दौरान पीछे से आ रहे वाहन ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी, जिससे हादसा हो गया।

हादसे में रोशनाबाद (थाना शमशाबाद) निवासी निहाल मंसूरी की 9 वर्षीय पुत्री इनाया की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसकी मां शबनम सहित अयात और अनविदा समेत अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत में दो लोगों को सैफई रेफर किया गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ट्रैक्टर पर सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया था, जिससे पीछे से आ रहे वाहन को समय रहते कोई संकेत नहीं मिल सका। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि हाईवे पर इस तरह की लापरवाही पर सख्ती से रोक लगाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!