Breaking News

डीएम प्रणय सिंह ने की 15वें वित्त आयोग के कार्यों की समीक्षा, दिए कड़े निर्देश।

लापरवाही पर दी सख्त चेतावनी, जल निकासी के लिए नालियों में जाली और एचटीपीपी प्लांट लगाने के आदेश।

संवाददाता, जुम्मन कुरैशी 

कासगंज। कासगंज के जिलाधिकारी प्रणय सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में जनपद की विभिन्न नगर निकायों में आयोग के तहत कराए जाने वाले विकास कार्यों के प्रस्तावों, उनकी प्रगति और उपलब्ध धनराशि के सदुपयोग को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने नगरीय निकायों में संचालित विकास परियोजनाओं की मौजूदा स्थिति को परखा और संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि वित्त आयोग से प्राप्त होने वाले सरकारी धन का उपयोग शासन की मंशा के अनुरूप पूरी तरह से गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए।

समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जनहित से जुड़े मुद्दों पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने निर्देशित किया कि निकायों में स्वच्छता, शुद्ध पेयजल, उत्तम सड़क, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और सार्वजनिक उपयोगिता के कार्यों को शीर्ष प्राथमिकता दी जाए। साथ ही विकास की हर योजना में पूर्ण पारदर्शिता बरती जानी चाहिए।

क्षेत्र में जल भराव और गंदे पानी की निकासी की समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए जिलाधिकारी ने एक बड़ा फैसला लेते हुए सभी नगर पालिकाओं में भूमि चिन्हित कर एचटीपीपी प्लांट स्थापित करने के कड़े निर्देश दिए, जिससे भविष्य में जल निकासी को लेकर कोई संकट खड़ा न हो।

जिलाधिकारी ने कड़े लहजे में अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को सचेत करते हुए कहा कि सभी निर्माण व विकास कार्य निर्धारित नियमों एवं सरकारी मानकों के अनुसार ही पूरे किए जाएं, इसमें किसी भी स्तर पर पाई जाने वाली लापरवाही या शिथिलता को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इसके अलावा, उन्होंने एक व्यावहारिक निर्देश देते हुए कहा कि शहर में बनने वाली सभी नई नालियों के ऊपर जाली लगवाई जाए, ताकि सड़क का कूड़ा-कचरा नालियों के भीतर न जा सके और पानी की सुचारू निकासी में कोई बाधा उत्पन्न न हो। इस महत्वपूर्ण प्रशासनिक बैठक में अपर जिलाधिकारी दिग्विजय प्रताप सिंह सहित नगर निकायों और संबंधित अन्य विभागों के समस्त वरिष्ठ अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!