Breaking News

बदायूं में बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन, 134 लाभार्थियों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ।

बदायूं में बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन, 134 लाभार्थियों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ।

बदायूं। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर रविवार को डायट परिसर में मेगा बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का भव्य आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और 134 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इस दौरान लाभार्थियों को आवास एवं ट्रैक्टर की चाबियां भी सौंपी गईं।

कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष विवेक संगल, प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय बलजोर सिंह, अपर जिला जज प्रथम रिंकू जिंदल, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रभारी सचिव अंकित रस्तोगी, मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला तथा परियोजना निदेशक डीआरडीए सतेन्द्र सिंह सहित न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

अतिथियों के आगमन पर एनसीसी विद्यार्थियों ने बैंड के माध्यम से उनका स्वागत किया। इसके बाद जनपद न्यायाधीश विवेक संगल ने फीता काटकर शिविर का शुभारंभ किया तथा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित किया। शुभारंभ के बाद न्यायिक अधिकारियों ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। अधिकारियों ने विभागीय प्रतिनिधियों से योजनाओं की जानकारी ली और उपलब्ध सेवाओं की सराहना की।

शिविर में खादी एवं ग्रामोद्योग, उद्योग, कृषि, उद्यान, पशु चिकित्सा, मत्स्य, पंचायती राज, माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा, अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक, डूडा, नेडा, विद्युत, श्रम, खाद्य एवं रसद, समाज कल्याण, महिला कल्याण, प्रोबेशन, पुलिस, स्वास्थ्य, अग्निशमन एवं एनआरएलएम सहित विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। अग्निशमन विभाग की ओर से आग लगने जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव के उपायों का प्रदर्शन भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान जनपद न्यायाधीश एवं अन्य न्यायिक अधिकारियों ने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई तथा नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार कराया। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

इस अवसर पर स्कूली छात्राओं ने स्वागत कार्यक्रम और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। छात्राओं की ओर से ज्वलंत विषय पर प्रस्तुत भावनात्मक नाटक ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया और खूब सराहना बटोरी।

जनपद न्यायाधीश विवेक संगल ने कहा कि शासन द्वारा संचालित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों तक पहुंचना चाहिए। प्रयास होना चाहिए कि एक ही छत के नीचे अधिक से अधिक लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि भारत के सभी नागरिक समान हैं और सभी को समान अधिकार प्राप्त हैं। नागरिकों को उनके अधिकार दिलाने और न्याय तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ही विधिक सेवा प्राधिकरण की व्यवस्था की गई है। उन्होंने शासन, प्रशासन और न्यायपालिका से आपसी समन्वय के साथ विधिक सेवा प्राधिकरण के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रभारी सचिव अंकित रस्तोगी ने बताया कि इस बृहद मेगा शिविर में विभिन्न विभागों के माध्यम से 134 लाभार्थियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया गया। उन्होंने बताया कि 22 फरवरी 2026 को उत्तर प्रदेश के 74 जनपदों में आयोजित मेगा कैंपों के माध्यम से 24 लाख 56 हजार 857 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया था। इसी पहल को आगे बढ़ाते हुए बदायूं में यह शिविर आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों के द्वार तक पहुंचाना और किसी भी जरूरतमंद को योजनाओं से वंचित न रहने देना है। साथ ही लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक कर सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार ने भी सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी, लाभार्थी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Spread the love

Check Also

मेघनाथ के शक्ति बाण से मूर्छित हुए लक्ष्मण, श्रीराम की व्याकुलता देख भावुक हुए दर्शक।

मेघनाथ के शक्ति बाण से मूर्छित हुए लक्ष्मण, श्रीराम की व्याकुलता देख भावुक हुए दर्शक। …