Breaking News

एसपी ओपी सिंह ने सिकंदरपुर वैश्य थाने का किया औचक निरीक्षण, परखीं व्यवस्थाएं‌।

अभिलेखों की जांच कर कमियां दूर करने के दिए निर्देश, मालखाने में लंबित माल के निस्तारण को कहा।

संवाददाता, जुम्मन कुरैशी 

कासगंज। कासगंज के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ओपी सिंह ने कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और पुलिस कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी करने के उद्देश्य से मंगलवार को थाना सिकंदरपुर वैश्य का औचक निरीक्षण किया। इस औचक निरीक्षण से थाना परिसर में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को जनता के प्रति संवेदनशील रहने और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के संबंध में कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने थाने की विभिन्न आंतरिक व्यवस्थाओं और बुनियादी सुविधाओं की भी विस्तृत समीक्षा की।

पुलिस अधीक्षक ने अपने निरीक्षण की शुरुआत शासन की प्राथमिकताओं में शामिल ‘मिशन शक्ति कक्ष’ और थाने में आने वाले फरियादियों के लिए बनाए गए आगंतुक रजिस्टर के अवलोकन से की। इसके बाद उन्होंने थाना कार्यालय का रुख किया, जहाँ मालखाना रजिस्टर, अपराध रजिस्टर, हिस्ट्रीशीटर (एचएस) रजिस्टर, आईजीआरएस (जनसुनवाई) पोर्टल रजिस्टर और भूमि विवाद से संबंधित महत्वपूर्ण अभिलेखों की अत्यंत गहनता से जांच-पड़ताल की। अभिलेखों के रख-रखाव में कुछ स्थानों पर पाई गई कमियों को लेकर एसपी ने नाराजगी जताई और मातहतों को तुरंत उन कमियों को दूर करने तथा सभी सरकारी दस्तावेजों को हमेशा अद्यतन व सुव्यवस्थित रखने की सख्त हिदायत दी।

कार्यालय के बाद एसपी ओपी सिंह ने थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की। इसके उपरांत उन्होंने पुलिस जवानों के बैरक, बंदीगृह, भोजनालय (मेस), शुद्ध पेयजल की व्यवस्था और अन्य आधारभूत जनसुविधाओं का मौके पर जाकर जायजा लिया। उन्होंने प्रभारियों को थाना परिसर के भीतर और आस-पास बेहतर साफ-सफाई बनाए रखने तथा सरकारी संपत्तियों का उचित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मालखाने का निरीक्षण करते हुए उन्होंने वहां लंबे समय से लंबित पड़े माल के शीघ्र और नियमानुसार निस्तारण के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने को कहा। इस औचक निरीक्षण के दौरान सिकंदरपुर वैश्य के थाना प्रभारी चंचल सिरोही सहित थाने के अन्य उपनिरीक्षक और पुलिस कर्मचारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!