Breaking News

मिशन शक्ति के तहत ‘दामिनी पहल’ की शुरुआत, 250 महिलाएं बनीं पुलिस वालंटियर, 32 सम्मानित।

मिशन शक्ति के तहत ‘दामिनी पहल’ की शुरुआत, 250 महिलाएं बनीं पुलिस वालंटियर, 32 सम्मानित।

मुबारक अली, संवाददाता

शाहजहांपुर। महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिशन शक्ति फेज-5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत रिजर्व पुलिस लाइन के सभागार में “दामिनी पहल” कार्यक्रम का भव्य शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 32 महिलाओं को सम्मानित किया गया, जबकि 250 महिलाओं को पुलिस वालंटियर के रूप में जोड़ा गया।

कार्यक्रम अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण भवरे दीक्षा अरुण के पर्यवेक्षण तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाते हुए उन्हें पुलिस व्यवस्था से जोड़ना और महिला सुरक्षा को जनसहभागिता के माध्यम से और अधिक प्रभावी बनाना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में तिलहर विधायक सलोना कुशवाह, महापौर अर्चना वर्मा और भाजपा महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता मौजूद रहीं। अतिथियों का स्वागत पुलिस अधिकारियों द्वारा पुष्पगुच्छ, शॉल और पौधा भेंट कर किया गया।

अतिथियों ने अपने संबोधन में महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के महत्व पर प्रकाश डाला तथा मिशन शक्ति अभियान की सराहना करते हुए “दामिनी पहल” को महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

एसपी ग्रामीण भवरे दीक्षा अरुण ने बताया कि जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चयनित 32 महिलाओं को, जिन्होंने ग्राम प्रधान, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता और पत्रकारिता जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है, उन्हें शॉल और पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।

उन्होंने बताया कि “दामिनी पहल” के तहत विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय और जागरूक 250 महिलाओं को पुलिस वालंटियर के रूप में जोड़ा जा रहा है। ये महिलाएं अपने-अपने क्षेत्र में रहकर महिलाओं और बालिकाओं से जुड़ी समस्याओं, घरेलू हिंसा, उत्पीड़न, छेड़छाड़, साइबर अपराध या अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाने में सहयोग करेंगी। इससे पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा और महिला सुरक्षा को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाया जा सकेगा।

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!