Breaking News

बदायूं: नौकरी दिलाने के नाम पर साइबर ठगी करने वाला गिरोह पकड़ा गया, फर्जी कॉल सेंटर से 5 आरोपी गिरफ्तार।

नौकरी दिलाने के नाम पर साइबर ठगी करने वाला गिरोह पकड़ा गया, फर्जी कॉल सेंटर से 5 आरोपी गिरफ्तार।

राष्ट्रीय न्यूज़ टुडे 

बदायूं। जनपद बदायूँ में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा किया है। पुलिस ने बैंक और फाइनेंस कंपनियों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से साइबर ठगी करने वाले गिरोह के पांच शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक नगर विजयेन्द्र द्विवेदी के पर्यवेक्षण में की गई। थाना साइबर क्राइम प्रभारी विनोद कुमार वर्धन के नेतृत्व में गठित टीम ने एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर जांच शुरू की थी।

जांच के दौरान संदिग्ध मोबाइल नंबरों की लोकेशन ट्रेस की गई, जो कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नई सराय में मिली। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर एक मकान में संचालित हो रहे फर्जी कॉल सेंटर पर छापा मारा, जहां से तीन महिलाओं और एक पुरुष को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद एक अन्य महिला को भी अभियुक्तों की निशानदेही पर हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से विभिन्न राज्यों के लोगों से संपर्क कर उन्हें बैंक और फाइनेंस कंपनियों में नौकरी दिलाने का झांसा देते थे। इसके बाद रजिस्ट्रेशन, प्रोसेसिंग फीस और अन्य शुल्क के नाम पर लोगों से रुपये ट्रांसफर कराकर ठगी को अंजाम देते थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लैपटॉप, प्रिंटर, कई स्मार्ट फोन, सिम कार्ड, मोबाइल चार्जर, फर्जी बैंक की स्टाम्प, हाजिरी रजिस्टर सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। जांच में सामने आया है कि इस गिरोह द्वारा अब तक करीब साढ़े चार लाख रुपये की साइबर ठगी की जा चुकी है, जिसकी शिकायतें एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज हैं।

गिरफ्तार सभी अभियुक्तों को माननीय न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!