Breaking News

बदायूं: दातागंज नगर पालिका में ‘एक युद्ध नशे के विरुद्ध’ और महिला कल्याण योजनाओं पर कार्यशाला आयोजित, दिलाई गई शपथ।

बदायूं: दातागंज नगर पालिका में ‘एक युद्ध नशे के विरुद्ध’ और महिला कल्याण योजनाओं पर कार्यशाला आयोजित, दिलाई गई शपथ।

बदायूं: 18 अगस्त 2026 को दातागंज नगर पालिका अध्यक्ष की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान ‘एक युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के अंतर्गत नैना गुप्ता ने उपस्थित लोगों को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी और नशा न करने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में मादक पदार्थों के सेवन पर गहरी चर्चा करते हुए बच्चों और युवाओं को इनसे दूर रखने की पुरजोर अपील की गई।

इसके साथ ही ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत बालिका एवं महिला सुरक्षा को लेकर अहम जानकारियां साझा की गईं और महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। नगर पालिका अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि इन योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि ज्यादा से ज्यादा पात्र लोगों को इनका लाभ मिल सके।

कार्यशाला के दौरान श्रीमती डोली ने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन पर प्रकाश डालते हुए साइबर सुरक्षा और ‘वन स्टॉप सेंटर’ की सुविधाओं के बारे में बताया। उन्होंने आपातकालीन स्थिति में सहायता के लिए संचालित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों—112, 1090, 181, 102, 108 और 1098 की विस्तृत जानकारी दी।

महिला कल्याण विभाग (उ.प्र. सरकार) की योजनाओं की जानकारी देते हुए ‘हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वुमन’ की प्रीती चौहान ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, दहेज प्रथा और परित्यक्त महिलाओं को मिलने वाली कानूनी व आर्थिक सहायता, तथा पुत्री के विवाह हेतु अनुदान योजनाओं के बारे में बताया।

संरक्षण अधिकारी रवि कुमार ने बाल श्रम, भिक्षावृत्ति और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ सख्त कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंदिर, मस्जिद, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और ढाबों पर 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से काम कराने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। बच्चों को किसी भी समस्या के समाधान के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, ‘मिशन वात्सल्य योजना’ और वार्ड बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति के कार्यों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और योजनाओं व कानूनों की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष नैना गुप्ता, परामर्शदाता श्रीमती डोली, प्रीती चौहान, सामाजिक कार्यकर्ता भमरपाल सिंह, संरक्षण अधिकारी रवि कुमार, बाल विकास परियोजना अधिकारी श्रीमती मंजू समेत विभिन्न वार्डों के सभासद, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, क्षेत्रीय लेखपाल, एएनएम और आशा कार्यकत्री मौजूद रहीं।

Spread the love

Check Also

बदायूं: मदर एथीना स्कूल में सत्र 2026-27 के लिए नई विद्यालय कैबिनेट का गठन, आस्था मालू बनीं हेड गर्ल और वंश यादव बने हेड ब्यॉय।

मदर एथीना स्कूल में सत्र 2026-27 के लिए नई विद्यालय कैबिनेट का गठन, आस्था मालू …