Breaking News

बरेली: रोजगार मांगने वाली नहीं, रोजगार देने वाली बनें स्वयं सहायता समूह की दीदियां—डीएम अविनाश सिंह।

बरेली: रोजगार मांगने वाली नहीं, रोजगार देने वाली बनें स्वयं सहायता समूह की दीदियां—डीएम अविनाश सिंह।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बरेली। जनपद में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें रोजगार सृजन की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए प्रशासन ने पूरी तरह कमर कस ली है। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय समन्वय समिति (डीएलआरसी) की बैठक के दौरान यह बात सामने आई कि समूह की महिलाएं अब केवल रोजगार हासिल करने तक सीमित न रहें, बल्कि अपने हुनर और उत्पादों के दम पर दूसरों को भी रोजगार देने वाली उद्यमी बनें।

बैठक में स्वयं सहायता समूहों की अब तक की प्रगति और उनके कामकाज में आ रही विभिन्न समस्याओं की गहन समीक्षा की गई। इस दौरान यह बात संज्ञान में आई कि कुछ समूहों के बैंक खाते अभी तक नहीं खुल सके हैं, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि एक हफ्ते के भीतर हर हाल में सभी लंबित खाते खुलवाए जाएं। साथ ही मुख्य विकास अधिकारी (CDO) को इस मामले में अलग से बैठक कर प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने सीएमएम और बीएमएम को भी अपनी कार्यशैली में सक्रियता लाने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी लगातार विभिन्न ब्लॉकों का औचक निरीक्षण करें और अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि समूहों के संचालन में आने वाली अड़चनों का समय पर समाधान किया जा सके।

समूह की महिलाओं के उत्पादों को सही बाजार और पहचान दिलाने के उद्देश्य से बैठक में विशेष चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने घोषणा की कि आगामी 22 सितंबर को कलेक्ट्रेट परिसर में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के लिए विशेष स्टाल लगाए जाएंगे। उन्होंने समूह की सभी दीदियों से अपील की है कि वे अपने द्वारा तैयार किए गए उत्पादों के साथ इन स्टालों पर पहुंचें, जिससे आम लोग उनके सामानों की खरीद कर सकें और स्थानीय स्तर पर उनके कारोबार को नया प्रोत्साहन मिल सके।

उन्होंने कहा कि आज स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से बल्कि सामाजिक रूप से भी मजबूत हो रही हैं। प्रशासन का प्रयास है कि उनके द्वारा तैयार उत्पादों को व्यापक बाजार मिले, जिसके लिए उनके प्रचार-प्रसार और बिक्री में हरसंभव प्रशासनिक मदद दी जाएगी।

इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, जिला पंचायती राज अधिकारी कमल किशोर, लीड बैंक मैनेजर (LDM), जिला समन्वयक एनआरएलएम सहित विभिन्न संबंधित विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।

Spread the love

Check Also

बहेड़ी: ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियां तेज, 17 सितंबर से गांव-गांव पहुंचेंगी सरकार की उपलब्धियां।

बहेड़ी: ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियां तेज, 17 सितंबर से गांव-गांव पहुंचेंगी सरकार की उपलब्धियां। …