Breaking News

सफलता तेरे कदम चूमेगी, आज नहीं तो कल : सदर विधायक।

एक क्लिक में 3538 विद्यार्थियों के खातों में पहुंची छात्रवृत्ति की धनराशि।

बदायूं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लोक भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के 4.60 लाख छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में एक क्लिक के माध्यम से छात्रवृत्ति की धनराशि हस्तांतरित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि धन के अभाव में किसी भी विद्यार्थी की पढ़ाई बाधित न हो और कोई पात्र छात्र छात्रवृत्ति से वंचित न रहे। छात्रवृत्ति की धनराशि सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी जा रही है।

इसी क्रम में शनिवार को बदायूं कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला के साथ समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा संचालित छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाओं के तहत 200 छात्र-छात्राओं को प्रतीकात्मक रूप से स्वीकृति पत्र वितरित किए।

जनपद में कक्षा 9 व 10 के विद्यार्थियों को 1212 रुपये तथा कक्षा 10 व 11 के विद्यार्थियों को 3030 रुपये की छात्रवृत्ति दी गई। जिले में कुल 3538 छात्र-छात्राओं के खातों में छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि भेजी गई। इसके अलावा पिछड़ा वर्ग के 10 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री शादी अनुदान योजना के तहत स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रयास करने से सफलता अवश्य मिलेगी। विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्होंने कहा, “लक्ष्य न ओझल होने पाए, कदम मिलाकर चल। सफलता तेरे कदम चूमेगी, आज नहीं तो कल।”

उन्होंने विद्यार्थियों से सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार बिना भेदभाव के विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी मीनाक्षी वर्मा, महाराज सिंह, संतोष कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड ने गंजडुंडवारा सीएचसी का किया निरीक्षण।

व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलने पर जताई प्रसन्नता, महिला और नवजात मरीजों की बेहतर देखभाल के दिए …