Breaking News

ओवरटेक बना काल! ट्रक ने बुजुर्ग दंपती को कुचला, दोनों की मौके पर मौत।

मोपेड में पीछे से मारी टक्कर, सड़क पर गिरते ही ट्रक के नीचे आए पति-पत्नी; चालक को लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा।

मोहम्मद वसीम, संवाददाता

बहेड़ी (बरेली)। बरेली-नैनीताल हाईवे पर गुड़वारा के समीप रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोपेड सवार बुजुर्ग दंपती की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ओवरटेक करने के प्रयास में तेज रफ्तार ट्रक ने मोपेड में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद सड़क पर गिरे पति-पत्नी ट्रक की चपेट में आ गए और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

मकसूदनपुर निवासी रफीक अहमद (65) अपनी पत्नी तौफीकन (60) के साथ मोपेड से इस्लामनगर की ओर से बहेड़ी जा रहे थे। गुड़वारा के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने ओवरटेक करने के दौरान उनकी मोपेड को टक्कर मार दी। हादसे में मोपेड का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर जा गिरे। इसी दौरान ट्रक उनके ऊपर से गुजर गया।

हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से निकलने का प्रयास करने लगा। घटना देख आसपास के लोगों ने पीछा कर चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलने पर बहेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में ले लिया।

पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर दुर्घटना के कारणों और घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।

फाइल फोटो 

Spread the love

Check Also

विश्व के शीर्ष 1000 शोधकर्ताओं में डॉ. सचिन कुमार राघव की शानदार उपलब्धि।

मॉडलिंग एवं सिमुलेशन के क्षेत्र में विश्व स्तर पर 242वीं और भारत में 14वीं रैंक …