Breaking News

आठ साल से जारी आंखों की रोशनी लौटाने की मुहिम, बहेड़ी में 200 मरीजों की जांच।

65 मरीजों का नि:शुल्क ऑपरेशन के लिए चयन, दवा से लेकर अस्पताल आने-जाने और भोजन तक का खर्च उठाएगी संस्था।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बहेड़ी, बरेली। आर्थिक तंगी आंखों के इलाज में बाधा न बने, इसी उद्देश्य से GWS एवं ख़िदमत-ए-इंसानियत चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से शनिवार को अमीर बैंकट हॉल में नि:शुल्क मोतियाबिंद जांच एवं ऑपरेशन शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आसपास और दूरदराज के क्षेत्रों से पहुंचे 200 मरीजों की आंखों की जांच की गई। जांच के बाद 65 मरीजों को नि:शुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए पंजीकृत किया गया, जबकि 135 मरीजों को आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।

शिविर में पंजीकृत मरीजों के मोतियाबिंद के ऑपरेशन राम मूर्ति हॉस्पिटल में नि:शुल्क कराए जाएंगे। संस्था की ओर से मरीजों के अस्पताल आने-जाने का किराया और भोजन का खर्च भी वहन किया जाएगा, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को उपचार के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

आठ साल में 900 से अधिक मरीजों का इलाज

आयोजकों के अनुसार यह सेवा अभियान पिछले करीब आठ वर्षों से लगातार चलाया जा रहा है। इस दौरान अब तक 900 से अधिक मरीजों के मोतियाबिंद के ऑपरेशन नि:शुल्क कराए जा चुके हैं। आयोजकों का दावा है कि इन ऑपरेशनों की अनुमानित चिकित्सा लागत डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक है।

आयोजकों ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए आंखों का ऑपरेशन कराना कई बार मुश्किल हो जाता है। ऐसे में नि:शुल्क जांच, दवा और ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराने का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, ताकि आर्थिक अभाव किसी की आंखों की रोशनी के उपचार में बाधा न बने।

शिविर के दौरान मरीजों और उनके तीमारदारों में संस्था की पहल को लेकर संतोष नजर आया। आयोजकों ने कहा कि जरूरतमंद लोगों तक नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

शिविर के आयोजन में GWS एवं ख़िदमत-ए-इंसानियत से जुड़े मोहम्मद वसीम जनता, मीर सैयद अफजल अली, मुहम्मद शादाब खान, मोहम्मद शादाब कादरी, डॉ. नफीस अंसारी, मौलाना राशिद, मोहम्मद शाहरुख इब्ने हामिद, डॉ. जीशान, मौलाना राशिद मिस्बाही, मौलाना वसीम अख्तर अजीजी, अजमल बरकती, फैसल मुश्ताक और हसन अकील समेत अन्य जिम्मेदार मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड ने गंजडुंडवारा सीएचसी का किया निरीक्षण।

व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलने पर जताई प्रसन्नता, महिला और नवजात मरीजों की बेहतर देखभाल के दिए …