Breaking News

सैयदराजा में भीषण सड़क हादसा, शादी से लौट रहे युवक की मौत, दो बच्चों समेत तीन घायल।

सैयदराजा में भीषण सड़क हादसा, शादी से लौट रहे युवक की मौत, दो बच्चों समेत तीन घायल।

संवाददाता — मनीष कुमार मौर्य

सैयदराजा (चंदौली)। थाना क्षेत्र के बगहीं कुम्भापुर गांव के समीप नेशनल हाईवे पर शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शादी समारोह से लौट रहा एक ऑटो हाईवे पर खड़े अज्ञात वाहन से जा टकराया, जिससे ऑटो सवार 36 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चों सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में मृतक की पहचान अशोक पटेल (36 वर्ष), निवासी मिर्जामुराद, वाराणसी के रूप में हुई है। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और सवारियों को गंभीर चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलते ही सैयदराजा पुलिस एनएचएआई हेल्पलाइन टीम के साथ मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल चंदौली स्थित राजकीय अस्पताल भिजवाया गया।

राजकीय अस्पताल में तैनात आकस्मिक चिकित्सक डॉ. संजय कुमार ने बताया कि तीनों घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है। घायलों में दो छोटे बच्चे भी शामिल हैं। बताया गया कि मृतक और घायल सभी एक ही परिवार के सदस्य हैं, जो बिहार के एक गांव में शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे।

प्रभारी निरीक्षक बिंदेश्वरी प्रसाद पांडेय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण ऑटो चालक को झपकी आना सामने आया है, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर हाईवे पर खड़े वाहन से टकरा गया। हादसे के बाद ऑटो चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!