Breaking News

नवरात्रि पर कॉलेज में सजी सांस्कृतिक महफिल, लोकगीतों ने बांधा समां।

नवरात्रि पर कॉलेज में सजी सांस्कृतिक महफिल, लोकगीतों ने बांधा समां।

मुबारक अली, संवाददाता 

शाहजहांपुर। स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज में नवरात्रि के शुभारंभ के अवसर पर संगीत, श्रद्धा और लोक संस्कृति से सराबोर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुमुक्षु शिक्षा संकुल के मुख्य अधिष्ठाता स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती, प्रबंध समिति के सचिव प्रो. अवनीश मिश्रा तथा प्राचार्य प्रो. आर.के. आजाद ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया।

कार्यक्रम की शुरुआत छात्रा काजल मिश्रा द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई, जिसने पूरे सभागार को आध्यात्मिक वातावरण से भर दिया। संगीत विभाग की छात्राओं नेहा तिवारी और शिवांगी प्रजापति ने रोली, चंदन एवं पुष्पों से अतिथियों का स्वागत किया। अतिथियों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित भी किया गया।

संगीत विभाग की अध्यक्ष डॉ. कविता भटनागर ने स्वागत भाषण देते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। इसके बाद डॉ. प्रतिभा सक्सेना ने देवी गीत और लांगुरिया लोकगीतों के साथ कार्यक्रम को आगे बढ़ाया।

विभिन्न विभागों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को खास बना दिया। हिंदी विभाग की प्रस्तुति “आज मिथिला नजरिया…” ने मिथिला की लोकसंस्कृति को जीवंत कर दिया। समाजशास्त्र विभाग ने “उड़ जाय रे उड़ जाय रे” के माध्यम से लोकजीवन की उमंग को दर्शाया, जबकि मनोविज्ञान विभाग की “पीपल के पात झड़े” प्रस्तुति ने भावनात्मक गहराई को छुआ। कला विभाग ने “है करेले से कड़वी हमारी ननदी” के जरिए हास्य और व्यंग्य का रंग बिखेरा।

पूर्व छात्रा आरती ने “कोयल बिन बगिया ना सोभे राजा” गीत से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया, वहीं संजीत कुमार ने “अंगना में ठाड़ी चार गुइयां” प्रस्तुत कर लोकसंगीत की मिठास बिखेरी।

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती ने अपने आशीर्वचनों में भारतीय संस्कृति और संगीत की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को निरंतर अभ्यास के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का संचालन व्याख्या सक्सेना ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन डॉ. प्रतिभा सक्सेना ने किया। समापन राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” के साथ हुआ। इस अवसर पर कॉलेज के उपप्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!