Breaking News

अप्रैल में चलेगा संचारी रोग नियंत्रण अभियान, डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश।

अप्रैल में चलेगा संचारी रोग नियंत्रण अभियान, डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश।

मुबारक अली, संवाददाता 

शाहजहांपुर।

जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय अंतरविभागीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी 01 से 30 अप्रैल 2026 तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं 10 से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान चलाने की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि गांवों में साफ-सफाई का कार्य रोस्टर बनाकर समयबद्ध तरीके से कराया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान शुरू होने से पहले ही गांवों में व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जाए, ताकि कहीं भी गंदगी, जलभराव या कीचड़ की स्थिति न रहे। प्रमुख मार्गों पर पानी जमा न हो, इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने गांवों की आबादी से सटे तालाबों में जला हुआ मोबिल ऑयल डालने, नियमित फॉगिंग कराने और उथले हैंडपंपों की मरम्मत सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। इसके साथ ही नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया कि नगर पालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में भी गांवों की तर्ज पर साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए।

बैठक में आयुष्मान कार्ड बनने की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इसकी प्रगति 80 प्रतिशत से अधिक सुनिश्चित की जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ मिल सके।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्र, परियोजना निदेशक अवधेशराम, जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Spread the love

Check Also

बिसौली: विद्युत विभाग की मॉर्निंग रेड, 5 घरों में पकड़ी गई बिजली चोरी।

बिसौली: विद्युत विभाग की मॉर्निंग रेड, 5 घरों में पकड़ी गई बिजली चोरी। आई एम …