Breaking News

बदायूँ: उचित दर विक्रेताओं का लाभांश बढ़कर हुआ 125 रुपये प्रति क्विंटल, कलेक्ट्रेट डायट परिसर में हुआ सजीव प्रसारण।

बदायूँ: उचित दर विक्रेताओं का लाभांश बढ़कर हुआ 125 रुपये प्रति क्विंटल, कलेक्ट्रेट डायट परिसर में हुआ सजीव प्रसारण।

बदायूँ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा उचित दर विक्रेताओं के लाभांश को 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति क्विंटल करने की घोषणा के बाद सोमवार को लोकभवन, लखनऊ से इस नई व्यवस्था का शुभारंभ किया गया। इसी क्रम में जनपद के डायट परिसर स्थित ऑडिटोरियम में इसका सजीव प्रसारण किया गया, जिसमें सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, जिलाधिकारी अवनीश राय, मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरुण कुमार, उपजिलाधिकारी सदर सांई आश्रित शाखमुरी सहित तमाम जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में उचित दर विक्रेता उपस्थित रहे। सरकार का मुख्य उद्देश्य उचित दर विक्रेताओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना और सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाना है।

सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयासों का ही परिणाम है कि आज देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि उचित दर विक्रेता सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अहम अंग हैं और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने में इनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने विक्रेताओं से ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ काम जारी रखने का आह्वान किया।

भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि वर्तमान सरकार ने कोटेदारों की समस्याओं को गंभीरता से समझते हुए उनके हित में ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा और सम्मान में वृद्धि हुई है। शेखूपुर के पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य ने कोरोना काल का स्मरण करते हुए कहा कि सरकार ने जरूरतमंदों तक दो-दो बार राशन पहुंचाया और आज लाभार्थी देश के किसी भी कोने से अपना राशन प्राप्त कर सकता है।

कार्यक्रम के दौरान उचित दर विक्रेताओं के प्रतिनिधियों ने आगत अतिथियों और अधिकारियों को पगड़ी पहनाकर उनका स्वागत किया और सम्मानित किया। इसके बाद जिलाधिकारी ने सभी उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के अंत में जिला पूर्ति अधिकारी ने सभी का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष जे.के. सक्सेना, कादरचौक के ब्लॉक प्रमुख वीरेंद्र राजपूत, विधान परिषद सदस्य प्रतिनिधि शारदेन्दु पाठक, भाजपा जिला उपाध्यक्ष उदयवीर सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन समाज कल्याण विभाग के महाराज सिंह द्वारा किया गया।

Spread the love

Check Also

शाहजहांपुर: एसपी सौरभ दीक्षित ने किया कांवड़ रूट का औचक निरीक्षण, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर दिए कड़े निर्देश।

शाहजहांपुर: एसपी सौरभ दीक्षित ने किया कांवड़ रूट का औचक निरीक्षण, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था …