Breaking News

जीवनभर की जमा-पूंजी पर साइबर डाका, महिला के खाते से उड़ाए 9.34 लाख रुपये।

मोबाइल हैक कर कई बार में निकाली रकम, ट्रांजेक्शन की कड़ियां खंगाल रही पुलिस

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बहेड़ी, बरेली। साइबर ठगों ने बहेड़ी में एक महिला की जीवनभर की जमा-पूंजी पर हाथ साफ कर दिया। आरोप है कि मोबाइल फोन हैक करने के बाद साइबर ठगों ने बैंक खाते से कई बार में 9 लाख 34 हजार 36 रुपये निकाल लिए। खाते से लगातार रकम निकलती रही और पीड़िता को जानकारी होने तक बड़ी धनराशि ठगों के हाथ जा चुकी थी।

नगर की टीचर्स कॉलोनी निवासी आकांक्षा जौहरी (37) पत्नी नीलेश सक्सेना ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका मोबाइल फोन हैक कर लिया। इसके बाद उनके बैंक खाते से अलग-अलग लेनदेन के माध्यम से रकम निकाली जाती रही। खाते से धनराशि निकलने की जानकारी होने पर उन्होंने बैंक से संपर्क किया, तब तक कुल 9,34,036 रुपये की निकासी हो चुकी थी।

खातों की कड़ियां तलाश रही पुलिस

पीड़िता की शिकायत के आधार पर बहेड़ी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बैंक खाते की लेनदेन संबंधी पूरी जानकारी जुटा रही है। रकम किन खातों में पहुंची और वहां से आगे किन खातों में स्थानांतरित की गई, इसकी कड़ियां खंगाली जा रही हैं। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और बैंकिंग रिकॉर्ड के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

अनजान लिंक और ऐप से रहें सावधान

इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने लोगों से साइबर ठगी को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड अथवा बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। इसके अलावा अनजान ऐप डाउनलोड करने से भी बचें।

Spread the love

Check Also

आठ साल से जारी आंखों की रोशनी लौटाने की मुहिम, बहेड़ी में 200 मरीजों की जांच।

65 मरीजों का नि:शुल्क ऑपरेशन के लिए चयन, दवा से लेकर अस्पताल आने-जाने और भोजन …