Breaking News

शाहजहांपुर के अधूरे आरओबी का मामला पहुँचा रेलवे बोर्ड: सांसद अरुण सागर ने की शीघ्र निर्माण की मांग, जताई कड़ी नाराजगी।

शाहजहांपुर के अधूरे आरओबी का मामला पहुँचा रेलवे बोर्ड: सांसद अरुण सागर ने की शीघ्र निर्माण की मांग, जताई कड़ी नाराजगी।

संवाददाता, मुबारक अली

शाहजहांपुर। जनपद में पिछले काफी समय से अधर में लटके तीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का मुद्दा अब सीधे रेलवे बोर्ड की देहरी तक पहुँच गया है। शाहजहांपुर के सांसद अरुण सागर ने नई दिल्ली में रेलवे बोर्ड के चेयरमैन से औपचारिक मुलाकात कर डभौरा, मीरानपुर कटरा और कसरक रेलवे क्रॉसिंग पर अटके पड़े आरओबी निर्माण कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ जल्द से जल्द पूरा कराए जाने की जोरदार मांग की है।

मुलाकात के दौरान सांसद ने बताया कि इन तीनों स्थानों पर पुलों का अधिकांश ढांचा बनकर तैयार हो चुका है, किंतु रेलवे ट्रैक के ठीक ऊपर का अंतिम और महत्वपूर्ण हिस्सा अधूरा होने के कारण इन्हें अब तक जनता के लिए शुरू नहीं किया जा सका है। उन्होंने इस बात पर गहरी नाराजगी जताई कि इस अनावश्यक देरी के कारण क्षेत्र की जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

सांसद ने जानकारी दी कि इस गंभीर जनसमस्या को वह पूर्व में संसद के पटल पर नियम-377 के तहत भी उठा चुके हैं। इसके अतिरिक्त, मुरादाबाद मंडल के उच्च अधिकारियों के साथ कई दौर की बैठकों और मुलाकातों के माध्यम से निर्माण कार्य में तेजी लाने का आग्रह किया गया था, लेकिन धरातल पर अपेक्षित प्रगति देखने को नहीं मिली।

सांसद अरुण सागर के अनुसार, इन आरओबी के अधूरा रहने की वजह से स्थानीय नागरिकों को अपने रोजमर्रा के सफर के लिए 10 से 20 किलोमीटर तक का लंबा फेरबदल करना पड़ रहा है। निर्माण स्थलों पर रखे गए गार्डर और सामग्री के बिखरे होने से मार्ग अवरुद्ध हैं, जिससे दोपहिया वाहनों और आम राहगीरों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

रेलवे बोर्ड के चेयरमैन को सौंपे गए आधिकारिक ज्ञापन में सांसद ने आग्रह किया कि तीनों आरओबी के निर्माण कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा कराने के लिए संबंधित एजेंसियों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। उन्होंने दो टूक कहा कि क्षेत्र की जनता को सुगम और सुरक्षित यातायात सुविधा मुहैया कराना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में है, जिसके लिए वे निरंतर संघर्षरत हैं।

 

 

 

Spread the love

Check Also

राजकीय महिला महाविद्यालय में एनएसएस के तहत नशामुक्त भारत अभियान: छात्राओं ने निकाली साइकिल रैली, दिलाई गई शपथ।

राजकीय महिला महाविद्यालय में एनएसएस के तहत नशामुक्त भारत अभियान: छात्राओं ने निकाली साइकिल रैली, …