Breaking News

चार दिन से लापता युवक का तालाब में मिला शव, परिवार में मचा कोहराम।

बहेड़ी बाईपास पर डीलक्स शमा के पीछे तालाब में मिला 21 वर्षीय सुहेल का शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम

बहेड़ी, बदायूं। बहेड़ी में चार दिन से लापता 21 वर्षीय युवक का शव शनिवार को बाईपास स्थित डीलक्स शमा के पीछे तालाब में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को तालाब से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है।

जानकारी के अनुसार, मोहल्ला शिकोही नगर निवासी लईक अहमद उर्फ मामा का बेटा मोहम्मद सुहेल 14 अक्टूबर को शाम करीब चार बजे घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। देर शाम तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और परिचितों के यहां खोजबीन करने के साथ उन स्थानों पर भी उसे तलाश किया गया, जहां उसका अक्सर आना-जाना रहता था। काफी प्रयास के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा।

परिजनों के मुताबिक, सुहेल के लापता होने के बाद गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए कोतवाली में प्रार्थना पत्र दिया गया था। परिजनों ने आरोप लगाया कि शिकायत देने के बावजूद युवक की तलाश के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद परिवार के लोग अपने स्तर से उसकी तलाश में जुटे रहे।

शनिवार को बाईपास स्थित डीलक्स शमा के पीछे तालाब में सुहेल का शव मिलने की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चार दिन से बेटे की तलाश कर रहे परिजनों का शव मिलने के बाद रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में मातम पसरा हुआ है।

बहेड़ी इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। इसके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

फाइल फोटो 

बाइट- लाईक अहमद मृतक के पिता

Spread the love

Check Also

बीएसएनएल भवन में चोरी करते पकड़ा गया आरोपी, गिरफ्तार।

बैटरी, चेंजओवर स्विच और दो सी-डॉट ईपीसी कार्ड बरामद, ताला व शटर तोड़ने के औजार …