Breaking News

जैविक खेती अपनाकर मिट्टी की उर्वरता और आय बढ़ाएं किसान।

जैविक खेती अपनाकर मिट्टी की उर्वरता और आय बढ़ाएं किसान।

बदायूं। यूपी डास्प की नमामि गंगे जैविक खेती (ईओएफसी) योजना के अंतर्गत विकासखंड दहगवां परिसर में एक दिवसीय जैविक किसान मेला एवं गोष्ठी का आयोजन किया गया। द्वितीय चरण में गठित समूहों के सदस्यों के लिए आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख नामित गुप्ता ने की। मेले में किसानों को जैविक खेती के लाभ, फसल पोषण प्रबंधन, पशुपालन, जैविक उत्पादों के विपणन और शासन की ओर से मिलने वाले अनुदान की जानकारी दी गई।

ब्लॉक प्रमुख नामित गुप्ता ने किसानों को जैविक खेती के फायदों से अवगत कराते हुए अधिक से अधिक किसानों से इसे अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जैविक खेती को बढ़ावा देकर कृषि उत्पादन को बेहतर बनाने और किसानों को जागरूक करने की जरूरत है।

जिला परियोजना समन्वयक, यूपी डास्प ने रासायनिक खेती के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए जैविक खेती की विभिन्न विधियों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने जैविक खेती के दौरान किसानों के सामने आने वाली समस्याओं, उनके समाधान तथा शासन की ओर से दिए जाने वाले अनुदान के बारे में भी जानकारी दी।

वरिष्ठ गन्ना निरीक्षक डॉ. पी.के. वर्मा ने जैविक विधियों से फसलों में पोषक तत्वों के प्रबंधन की जानकारी दी। वहीं, कृषि विज्ञान केंद्र उझानी के वैज्ञानिक डॉ. रौशन सिंह ने पशुओं के उचित रखरखाव, बीमारियों की रोकथाम और उनके नियंत्रण के उपाय बताए।

किसानों को जैविक उत्पादों के विपणन और बिक्री के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मेले में जैविक उत्पादों की प्रदर्शनी और स्टॉल लगाए गए। इनके माध्यम से जैविक उत्पादों का प्रचार-प्रसार किया गया और किसानों को स्थानीय बाजारों में अपने उत्पाद बेचने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम में जिला प्रभारी लवकुश मिश्रा, सहायक विकास अधिकारी डॉ. मनोज कुमार सिंह, वीटीएम दहगवां, प्रमाणीकरण संस्था के अवधेश कुमार सिंह सहित गठित समूहों के सदस्य और किसान मौजूद रहे। सहयोगी संस्था बायोसर्ट इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के क्षेत्रीय कर्मचारियों ने भी प्रतिभाग किया।

Spread the love

Check Also

दशहरा पर बदायूं में 21 मजिस्ट्रेट तैनात, 9 रिजर्व में रहेंगे।

दशहरा पर बदायूं में 21 मजिस्ट्रेट तैनात, 9 रिजर्व में रहेंगे। बदायूं। विजयदशमी (दशहरा) पर्व …